
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज यानी रविवार और सोमवार को कुमाऊं दौरे पर हैं। इस दौरान वह कोविड नियंत्रण संबंधी सुविधाओं का जायजा लेंगे। इस क्रम में अपने दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री बागेश्वर पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने डिग्री कॉलेज स्थित कोविड केयर सेंटर के साथ ही जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में सांसद अजय टम्टा के साथ मुख्यमंत्री कोविड किट पहनकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कोविड मरीजों का हालचाल जाना, मरीजों से व्यवस्थाओं, भोजन के संबंध में जानकारी हासिल की।
मुख्यमंत्री ने विकास भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर कोविड काल में की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी हासिल की। मानसून काल को लेकर पुख्ता तैयारी करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर संतोष जताया। मुख्यमंत्री करीब तीन घंटे तक बागेश्वर में रहे। उसके पश्चात हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ रवाना हो गए।