उत्तराखंड में देर शाम मौसम बदला और राजधानी देहरादून और मसूरी में झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, देहरादून में रविवार को भारी बारिश की संभावना है। बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिल सकती है। दून में अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दून में भारी बारिश के साथ ही कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। जबकि, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून तथा पौड़ी जनपदों में कही-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इससे ताममान में कमी आ सकती है।









