यूपी में कोरोना वायरस लगातार कमजोर होता जा रहा है। हर रोज तीन लाख से भी ज्यादा टेस्ट करने के बाद संक्रमितों की संख्या में कमी आती जा रही है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 468 नए मामले सामने आए हैं जबकि 2,89,943 सैम्पल जांचे गए, जिसमें सवा लाख सैम्पल आरटीपीसीआर माध्यम से टेस्ट किये गए। इस दौरान 1,221 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं। इससे पहले, 21 मार्च को एक दिन में 500 से कम केस आये थे। इस समय प्रदेश में कोरोना के 8986 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों में कुल पॉजिटिविटी दर मात्र 0.2% है, जबकि रिकवरी दर 98.2% हो गई है। कोरोना महामारी के बीच अब तक 16 लाख 71 हजार 852 प्रदेशवासी कोविड संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोविड महामारी के कारण इस बार माध्यमिक शिक्षा परिषद के 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। स्थिति सामान्य होने पर इन बच्चों को अंकसुधार का अवसर भी दिया जाए। कोई मेरिट न जारी किया जाए। परीक्षाफल तैयार करने की विस्तृत नियमावली से बच्चों व अभिभावकों को यथाशीघ्र अवगत करा दिया जाए।









