विकासनगर: जमीन धोखाधड़ी मामले में दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, फर्जी आधार से तैयार कराए थे कागजात

जमीन धोखाधड़ी के मामले में विकासनगर पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे आरोपी उदित कुमार वर्मा को सहारनपुर के मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने हरियाणा निवासी जमीन के असली मालिक अरुण कुमार की जगह खुद को पेश कर फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर जमीन के कागज तैयार करवाए थे। पुलिस ने नेटग्रिड पोर्टल की मदद से आरोपी की पहचान की।

पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद, हरियाणा निवासी अरुण कुमार ने 28 जून 2024 को कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुबचन निवासी विकासनगर, मनुष निवासी ढकरानी, कमल सिंह निवासी बंशीपुर ढकरानी, चमन कुमार निवासी बाबूगढ़ विकासनगर और पूरण सिंह निवासी सदर बाजार सहारनपुर ने फर्जी आधार कार्ड बनाकर उनकी जमीन के दस्तावेज तैयार किए और जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

जमीन का फर्जी मालिक बनने के बदले मोटी रकम देने का दिया था लालच
जांच के दौरान जमीन के कागजों में अरुण कुमार के स्थान पर खुद को पेश करने वाला आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड में इस्तेमाल की गई तस्वीर को नेटग्रिड पोर्टल पर अपलोड किया। इससे मिली जानकारी और सत्यापन के आधार पर आरोपी की पहचान उदित कुमार वर्मा निवासी धोबी घाट, तोता चौक, सिवेन्द्र विहार कॉलोनी, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले सुनार का काम करता था और चांदी का सामान बेचने के लिए विकासनगर, सहसपुर और सेलाकुई आता-जाता था। इसी दौरान उसकी पहचान गुरुबचन सिंह उर्फ बब्बू सरदार से हुई। आरोप है कि गुरुबचन ने हरबर्टपुर में हरियाणा निवासी व्यक्ति के नाम दर्ज जमीन का फर्जी मालिक बनने के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया था।

और पढ़े  उत्तराखंड: गैरसैंण में 27 अक्तूबर से होगा विधानसभा सत्र, करीब 5000 करोड़ का अनुपूरक बजट भी लाएगी सरकार

 

आरोपी के अनुसार, इसके बाद गुरुबचन और उसके साथियों के साथ मिलकर जमीन के असली मालिक के नाम से फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार किए गए। आधार कार्ड में असली मालिक की जगह उदित ने अपनी तस्वीर लगाई।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इसके आधार पर 18 जुलाई 2022 को गुरुबचन ने जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम कराई और दाखिल-खारिज भी करवा लिया। जमीन पर कब्जे की कोशिश के दौरान असली मालिक को धोखाधड़ी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

  • Related Posts

    मंत्री रेखा आर्या के पति का बड़ा आरोप: भ्रष्टाचार से 210 करोड़ की कथित अवैध संपत्ति अर्जित की, जांच की मांग की

    उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति बरेली निवासी भाजपा नेता पप्पू गिरधारी के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मंत्री की ओर से लगाए गए आरोपों के…

    ऊधमसिंह नगर- CM ने दी किसानों को राहत: तीन महीने का बिजली बिल किया माफ, केसीसी ऋण वसूली पर भी रोक

    आपदा प्रभावित किसानों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने किसानों के तीन महीने का बिजली बिल माफ करने की घोषणा की। खेती और बागवानी…