मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ आज आठ मंत्री शपथ लेंगे। इस बीच बैठक जारी है। सतपाल महाराज, धन सिंह रावत और बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास के मंत्री बनाए जाने की पुष्टि हो गई है। इसी के साथ उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार महिला स्पीकर बनाई गई हैं। रितु खंडूरी प्रदेश की पहली महिला स्पीकर बनेंगी।
सीएम आवास में चल रहा बैठक का सिलसिला खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री धामी अपने आवास से बाहर निकले और जनता का अभिवादन किया। इसी बीच मंत्रिमंडल में रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश गोदियाल के नाम तय है। युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट में कुछ नया दिख सकता है। सियासी जानकारों का मानना है कि युवा और नए चेहरों के साथ अनुभवी चेहरों का मिश्रण टीम धामी की खासियत बनेगी। सरकार से संगठन में भेजे गए वरिष्ठ विधायक मदन कौशिक की भी मंत्रिमंडल में वापसी की संभावनाएं जताई जा रही हैं। हालांकि उन्हें विस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाएं जोरों पर हैं। चुनाव में महिलाओं के मिले समर्थन के बदले पार्टी महिला विधायक ऋतु खंडूड़ी या किसी अन्य महिला चेहरे को कैबिनेट में जगह दे सकती है। बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास के भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।
पुष्कर सिंह धामी आज उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। परेड ग्राउंड में राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (रि.) धामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूद रहेंगे। इनके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने बताया, कार्यक्रम में भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। सभी केंद्रीय मंत्रियों को भी न्योता भेजा गया है।








