बीआर नायडू ने एक स्थानीय समाचार चैनल से कहा कि एक डीएसपी (पुलिस उपाधीक्षक) ने गेट खोले और तुरंत ही सभी लोग आगे बढ़ने लगे, जिससे भगदड़ मच गई और खबरें आ रही हैं कि छह लोगों की मौत हो गई है। देश भर से सैकड़ों श्रद्धालु 10 जनवरी से शुरू होने वाले 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए यहां आए हैं।
टीटीडी अध्यक्ष ने बताया कि चंद्रबाबू नायडू ने टेलीकॉन्फ्रेंस की और मंदिर कर्मचारियों को लेकर असंतोष व्यक्त किया तथा कहा कि ऐसी घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस बात का संदेह है कि यह मंदिर प्रशासन की चूक के कारण हुआ है। मुख्यमंत्री गुरुवार को घायलों को सांत्वना देने के लिए तिरुपति आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमें निर्देश दिया है कि इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए।
पुलिस के मुताबिक, सैकड़ों श्रद्धालु तिरुमला हिल्स पर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए टोकन लेने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे, उसी दौरान भगदड़ मच गई।दरअसल 10 जनवरी से शुरू हो रहे 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए देशभर से सैकड़ों श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने बृहस्पतिवार की सुबह से दर्शन टोकन जारी करने की व्यवस्था की थी। इसी के चलते बुधवार शाम से ही श्रद्धालुओं ने कतार लगाना शुरू कर दिया था। अलीपिरी, श्रीनिवासम, सत्यनारायणपुरम और पद्मावतीपुरम में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई थी। पुलिस ने हादसे के दौरान कुछ महिला श्रद्धालुओं को सीपीआर देने और घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस में ले जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।
चश्मदीद ने बताया कैसे हुई भगदड़
मंदिर में भगदड़ को लेकर मौके पर मौजूद एक महिला ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जैसे ही पुलिस अधिकारियों ने गेट खोला, तीर्थयात्री टोकन खरीदने के लिए दौड़ पड़े। पहले टोकन प्राप्त करने के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा कि मेरे परिवार के छह लोग भी घायल हो गए हैं। हम 11 बजे से कतार में लगे थे। हमें दूध और बिस्कुट दिए गए थे।
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।






