दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर फिर पथराव, कई वाहनों को बनाया निशाना, 2 यात्री घायल

ध्यप्रदेश के मंदसौर, रतलाम और झाबुआ जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर झाबुआ और रतलाम के बीच रात में यात्रा करना सुरक्षित नहीं रह गया है। एक्सप्रेस-वे पर कई बार वाहनों पर पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं। 19 सितंबर 2026 की रात एक बार फिर बदमाशों ने झाबुआ और रतलाम के बीच करीब आधा दर्जन वाहनों पर पथराव कर दिया। इससे दो कारों के शीशे टूट गए, जबकि दो यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात गुजरात और झाबुआ जिले की ओर से कई वाहन रतलाम की तरफ आ रहे थे। कुछ लोग कारों और जीपों से गुजरात में इलाज कराने के बाद रतलाम और मंदसौर की ओर लौट रहे थे। वाहन जब झाबुआ जिले के थांदला से होकर रतलाम की तरफ आ रहे थे, तभी रात करीब पौने दस से 10 बजे के बीच रास्ते में बदमाशों ने वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया।

अचानक हुए पथराव में कारों के शीशे टूट गए और वाहनों में सवार दो लोग घायल हो गए। घटना से वाहन चालक और यात्री घबरा गए। उन्होंने मौके पर वाहन नहीं रोके और तेज रफ्तार से धामनोद टोल प्लाजा पहुंचे। यहां उन्होंने टोल प्लाजा कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर एएसपी विवेककुमार लाल, दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव सहित अन्य अधिकारी टोल प्लाजा पहुंचे। अधिकारियों ने वाहन चालकों और यात्रियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अनेक बार हो चुकी हैं पथराव की घटनाएं
एक्सप्रेस-वे पर पथराव की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। 7 सितंबर 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने थांदला-रतलाम के बीच उद्योगपति और रोटरी गवर्नर संस्कार कोठारी की कार सहित अन्य वाहनों पर पत्थरबाजी की थी। इस दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गए थे।

और पढ़े  मध्य प्रदेश में हादसा, मां बगलामुखी के दर्शन कर लौट रहे 8 श्रद्धालुओं की मौत,नाले में बही कार

इससे पहले 21 मार्च 2026 की रात शिवगढ़ थाना क्षेत्र में इंदौर में पदस्थ एक निजी बैंक के एरिया मैनेजर अमिताभ शर्मा निवासी की कार और एक अन्य कार पर भी पथराव किया गया था। वहीं, 1 जनवरी 2026 की रात थांदला और रावटी के बीच रतलाम निवासी सरफराज की कार को भी पत्थरबाजी का निशाना बनाया गया था।

इन घटनाओं से पहले भी एक्सप्रेस-वे पर पथराव की कई घटनाएं हो चुकी हैं। विशेषकर झाबुआ जिले के थांदला और रतलाम जिले के शिवगढ़ क्षेत्र के बीच आने वाले एक्सप्रेस-वे के हिस्से में रात के समय वाहनों पर पथराव की घटनाएं सामने आती रही हैं।

NHAI (नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया) और स्थानीय पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने, CCTV और नाइट विजन ड्रोन कैमरों से निगरानी रखने तथा रात्रिकालीन गश्त तेज करने के कदम उठाए गए हैं। इसके बावजूद पथराव की घटनाएं थम नहीं रही हैं।

  • Related Posts

    मध्य प्रदेश में हादसा, मां बगलामुखी के दर्शन कर लौट रहे 8 श्रद्धालुओं की मौत,नाले में बही कार

    जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी माता मंदिर के पास उफनते बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई।…

    दर्दनाक हादसा: बगलामुखी दर्शन कर लौट रहे ओडिशा के 8 श्रद्धालुओं की मौत, नाले में बही कार

    जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी माता मंदिर के पास उफनते बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई।…