कनखल थाना क्षेत्र के नूरपुर पंजनहेड़ी गांव में बुधवार को हुए खूनी संघर्ष में पुलिस ने भाजपा नेता चाचा-भतीजे और मातृसदन के संत सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने वाले अतुल चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। इधर, घायलों का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह नूरपुर पंजनहेड़ी में जमालपुर-जियापोता मार्ग पर बने उषा टाउनशिप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान और भाजयुमो के पूर्व महामंत्री नेता अतुल चौहान पक्ष के बीच में खूनी संघर्ष हो गया था। मारपीट के दौरान अतुल चौहान ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी थी। गोली अमित चौहान के भाई सचिन चौहान व कृष्णपाल को लगी थी। दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया था।









