बरेली में बर्फीली हवा से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। गुरुवार को दिन का पारा छह डिग्री लुढ़ककर प्रदेश में सबसे कम 10.5 डिग्री दर्ज हुआ जो इस सीजन में प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। प्रदेश में तीसरी सबसे सर्द रात बरेली में रही। भीषण ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने छोटे बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जनपद के कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को 17 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
अलाव और अंगीठी के आगे बैठे रहे लोग
गुरुवार की सुबह कड़ाके की ठंड और ठिठुरन के साथ हुई। रोज की तरह सुबह 11 बजे धूप निकलने की आस लगाए लोग सर्द हवा से ठिठुरते रहे। दिन भर घरों और प्रतिष्ठानों में लोग हीटर के भरोसे रहे। राहगीर अलाव और अंगीठी के सामने बैठकर ठंड से निजात का प्रयास करते दिखाई दिए। दिन के तापमान में छह डिग्री गिरावट दर्ज की गई। जो सामान्य पारा 21.1 डिग्री से 11 डिग्री सेल्सियस कम रहा। ढलती शाम के साथ सर्द मौसम कंपकंपाने लगा। ग्राहकों की आवक कम होने से बाजार भी रात आठ बजे से बंद होने लगे। सड़कों पर सन्नाटा सा रहा।







