दीपावली पर्व को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। पार्क प्रशासन ने सभी चेक पोस्ट और बैरियरों पर चेकिंग बढ़ा दी है। बैराज, चीला और गंगा भोगपुर स्थित बैरियरों पर विशेष सख्ती बरती जा रही है। यहां से गुजरने वाले हर वाहन की गहनता से जांच की जाएगी। पार्क की टीमों को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मोतीचूर रेंज के वनकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
दीपावली पर्व को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज के वनकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मोतीचूर रेंज अधिकारी गौरव नेगी के निर्देश पर वन कर्मियों की टीम ने मोतीचूर देहरादून और ऋषिकेश रेलवे ट्रैक के किनारे बुधवार को सघन गश्त की।
वन कर्मियों ने रेलवे ट्रैक के आसपास जंगल क्षेत्र में अवैध घुसपैठ और वन्य जीवों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी टीम गठित की। रेंज अधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि दीपावली के दौरान जंगल में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। इस दौरान जंगल में घुसपैठ और वन्यजीवों के शिकार की आशंका बढ़ जाती है जिसको देखते हुए वन कर्मियों की टीम गठित की गई है जो पार्क और गांव से सटे क्षेत्रों में गश्त करेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी।
इसके अलावा रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनों से जंगल क्षेत्र में फेंकी जा रही गंदगी को हटाने के लिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा करना उनका पहला दायित्व है। पार्क प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पार्क के अधिकारियों को दें। गश्त के दौरान वन दरोगा दिनेश डुमरियाल, मनोज किशोर वन आरक्षी, देवांशु शर्मा वन आरक्षी धर्मपाल वन आरक्षी, विनोद नौटियाल आदि रहे।







