ऋषभ पंत ने आधी रात मुख्यमंत्री धामी से लगाई जमीन दिलाने की गुहार, अब उत्तराखंड के CM का आया जवाब

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार वजह उनका बल्ला या मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि उत्तराखंड में जमीन लेने को लेकर की गई उनकी अपील और अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जवाब है। पंत फिलहाल श्रीलंका इलेवन के खिलाफ कोलंबो में वार्म अप मैच खेल रहे हैं। शुक्रवार को वह विकेटकीपिंग करते भी नजर आए थे। इसके बाद शुक्रवार आधी रात उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए राज्य में जमीन दिलाने की गुहार लगाई थी। पंत ने उत्तराखंड में अपना बेस बनाने और अपने राज्य के लिए काम करने की इच्छा जताई थी। उनकी अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत की अपील का जवाब देते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

धामी ने पंत की अपील पर क्या कहा?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषभ पंत के पोस्ट का जवाब देते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि पंत ने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों के जरिए देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। धामी ने पंत की अपनी मातृभूमि के प्रति भावनाओं और उत्तराखंड लौटकर योगदान देने की इच्छा की भी सराहना की। धामी ने लिखा, ‘प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।’
CM धामी से पंत ने की थी खास अपील
पंत ने शुक्रवार रात करीब 12:46 बजे (शनिवार) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए लिखा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें ऐसी जमीन नहीं मिल पा रही है, जहां वह अपना घर बना सकें। उन्होंने खुद को उत्तराखंड का स्थानीय बताते हुए कहा कि वह अपने राज्य से बेहद प्यार करते हैं और वापस अपने पहाड़ी लोगों के बीच जाना चाहते हैं।

और पढ़े  उत्तराखंड: दलेर मेहंदी को मंच पर फटकारने का मामला गरमाया, CM बोले- मीका और दलेर भाई से मैं खुद करूंगा बात

पंत ने लिखा, ‘सर, मैं दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे ऐसी बड़ी और रहने लायक जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि जमीन हासिल करने में मेरी मदद करें।’ उन्होंने आगे कहा कि वह अपने राज्य के लिए काम करना और उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं। पंत के मुताबिक, वह पिछले करीब तीन साल से जमीन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है।

गिफ्ट’ की भी कर दी थी मांग
पंत ने इसके बाद एक और पोस्ट किया, जिसने उनकी अपील को और दिलचस्प बना दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि अगर सरकार उन्हें जमीन उपहार के तौर पर देती है तो यह उनके लिए राज्य का प्रतिनिधित्व करने के बदले एक खास सम्मान होगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से तय दरों पर जमीन खरीदने के लिए तैयार हैं।

पंत ने लिखा, ‘राज्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सबसे ऊंचे स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए एक उपहार अच्छा रहेगा। लेकिन अगर आप अनुमति दें तो मैं इसे सरकार से तय दरों पर खरीदना चाहता हूं। कम से कम मैं अपने राज्य में अपना पहला घर बना सकूं।’

स्पेलिंग और ग्रामर पर भी हुई चर्चा
पंत के पोस्ट में कई स्पेलिंग और ग्रामर की गलतियां थीं। उनके आधी रात के पोस्ट का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ फैंस ने उनके लिखने के अंदाज पर सवाल उठाए। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या पंत नशे में थे, क्योंकि पोस्ट में काफी स्पेलिंग और ग्रामर की गलतियां थीं। हालांकि, पंत की इस अपील का मूल संदेश साफ था, वह उत्तराखंड में अपना घर बनाकर अपने राज्य से जुड़ना चाहते हैं।
श्रीलंका सीरीज से करेंगे वापसी
क्रिकेट की बात करें तो पंत को श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वह इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया सफेद गेंद की सीरीज से बाहर रहे थे। अब उनकी टेस्ट क्रिकेट में वापसी पर भी सभी की नजरें होंगी।

और पढ़े  भराड़ीसैंण विस सत्र: CM धामी बोले-जनविश्वास पर खरा उतरते रहेंगे, बजट ही नहीं हर क्षेत्र में हुई तरक्की

इससे पहले जून में पंत को आईपीएल 2027 के लिए ट्रेड के जरिए उनकी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में वापस लाया गया था। दिल्ली ने उन्हें 15 करोड़ रुपये में हासिल किया, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को इस सौदे में कुलदीप यादव और 13.5 करोड़ रुपये मिले।

  • Related Posts

    उत्तराखंड विधानसभा सत्र: CM धामी बोले-कांग्रेस के पाप धोने का काम कर रही है हमारी सरकार, सफाई जारी रहेगी

    मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गैरसैंण में आयोजित विधानसभा का यह सत्र मौजूदा सरकार के कार्यकाल का अंतिम सत्र था। इस साल यहां विधानसभा के दो सत्र आयोजित किए गए।…

    अल्मोड़ा: प्रेमी के पहली पत्नी के पास लौटने से नाराज महिला ने किया हंगामा, पेड़ पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी

    प्रेमी के पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटने से नाराज महिला ने मंगलवार को अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कोर्ट में जमकर हंगामा किया। महिला ने आत्महत्या करने की धमकी भी…