महाराष्ट्र-गुजरात में बारिश का कहर, मुंबई-दिल्ली राजधानी 14 घंटे लेट, 40 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित

महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रेल यातायात की रफ्तार भी थाम दी है। कई जगह पटरियां पानी में डूब गई हैं, जबकि मुंबई मंडल के घाट सेक्शन में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण रेल संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसका असर मुंबई, दक्षिण भारत और गुजरात से दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश आने जाने वाली ट्रेनों पर पड़ा है। दिल्ली-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस समेत कई प्रीमियम ट्रेन 12 से 15 घंटे की देरी से चल रही हैं। जबकि कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, कई के मार्ग बदले गए हैं और कुछ के समय में भी बदलाव किया गया है। मुंबई के साथ-साथ दक्षिण गुजरात के कई शहरों में पटरियां के पानी में डूबने से कई ट्रेनें घंटों तक स्टेशनों और आउटर पर फंसी हुई है।

रेल पटरियों पर पानी भरा
मंगलवार को महाराष्ट्र के पालघर, वसई विरार क्षेत्र में कुछ ही घंटों में करीब 300 मिमी बारिश होने से सफाले, केलवे रोड और नालासोपारा स्टेशनों के बीच की रेल पटरियों पर पानी भर गया था। इसके चलते मुंबई की ओर आने-जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। जबकि दूसरी तरफ मुंबई—पुणे घाट सेक्शन में भूस्खलन और चट्टान गिरने से मध्य रेलवे की सेवाएं भी प्रभावित हुई है। पश्चिम रेलवे ने बताया कि मुंबई के अलावा गुजरात के सूरत और वडोदरा में भारी बारिश के चलते मुंबई आने-जाने वाली 20 से ज्यादा लंबी दूरी की ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। पटरियों पर जलभराव कम होने के साथ ही ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि, रेलवे स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक कर लें। भारी बारिश की वजह से कई ट्रेनों के समय और रूट में बदलाव किया गया है, इसलिए पहले जानकारी लेकर ही यात्रा के लिए निकलें।

ये ट्रेनें हुईं प्रभावित
भारी बारिश का असर दिल्ली–मुंबई रेल मार्ग पर भी पड़ा है। दिल्ली–मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12951) करीब 14 घंटे, अमृतसर–सीएसएमटी एक्सप्रेस (11057) लगभग 13 घंटे और अगस्त क्रांति तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12953) करीब 15 घंटे की देरी से चल रही है। बाढ़ जैसे हालात के कारण कई लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। इनमें बांद्रा टर्मिनस–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस, दादर–पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस तथा बांद्रा टर्मिनस से चंडीगढ़, हिसार, अमृतसर, बीकानेर और वेरावल जाने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
इन राज्यों का रेलगाड़ियों पर पड़ा असर
वहीं अहमदाबाद, जोधपुर और भुज से मुंबई आने वाली कई ट्रेनों को जलभराव के कारण वापी और सूरत जैसे स्टेशनों पर रोकना पड़ा, ताकि प्रभावित रेलखंड पर ट्रेनों की भीड़ न बढ़े। इसके अलावा मुंबई से इंदौर, भोपाल, रायपुर और अहमदाबाद जाने वाली अधिकांश ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। वहीं गुजरात होकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान जाने वाली कई सुपरफास्ट ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से काफी देर से चल रही हैं। पश्चिम रेलवे ने बताया कि प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से भोजन, पानी और अन्य जरूरी सामग्री वितरित की जा रही है। मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस और सूरत स्टेशन पर यात्रियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क भी शुरू किए गए हैं।
और पढ़े  आसमान में एक साथ गरजे कई देशों के विमान: तरंग शक्ति का भारतीय वायुसेना ने दिखाया शानदार नजारा
  • Related Posts

    काशी में नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला: शहजादे विरासत से राजनीति में पहुंचे, नरेंद्र मोदी जनादेश से बने PM

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को काशी में पहली जनसभा की और कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन पर निशाना साधा। वाराणसी में नितिन नवीन बोले कि कांग्रेस राजपरिवार…

    वायुसेना का 94वां स्थापना दिवस: हिंडन पर परेड, आईएएफ चीफ ने ली सलामी, प्रदर्शनी में पहली बार ब्रह्मोस मिसाइल

    भारतीय वायुसेना का 94वां स्थापना दिवस समारोह बुधवार को हिंडन एयरबेस में मनाया गया। इस अवसर पर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह समारोह में शामिल हुए। जहां भारतीय वायु…