त्योहारों के सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को विभाग की टीम ने लक्सर और सुल्तानपुर में मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक दुकान पर पांच किलो खराब मिठाई मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं, कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
दुकानदारों में मचा हड़कंप
छापेमारी की सूचना मिलते ही मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार दुकानें छोड़कर चले गए, जबकि कुछ शटर गिराकर फरार हो गए। अधिकारियों ने कारोबारियों को मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्माण व एक्सपायरी तिथि अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। टीम में अनुराग, गौरव नेगी और पूर्ण सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि मिलावट के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।








