अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र में 12 जनवरी देर रात पुलिस-प्रशासन ने दो होटलों में छापामार कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सात युवतियों व आठ पुरुषों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन होटल संचालक शामिल हैं। दोनों स्थानों से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, शक्तिवर्धक दवाएं, मोबाइल व नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने मंगलवार को पुलिस लाइन में मीडिया को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाना बन्नादेवी क्षेत्र के चौहान कॉम्प्लेक्स स्थित स्काई वे होटल और मैराकी होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित करने की पुलिस को सूचना मिली। सत्यापन के बाद सीओ बन्नादेवी कमलेश कुमार, एसडीएम कोल महिमा राजपूत के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक साथ दोनों होटलों पर छापा मारा। दोनों ही होटल के कमरों से सात युवतियां और आठ युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले।







