पंजाब इस समय भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। बाढ़ के कारण सूबे में अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। 15 जिलों में 3.87 लाख लोग व 4.56 लाख एकड़ फसल बाढ़ से प्रभावित हुई है। प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के गुरदासपुर में आ रहे हैं और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
पंजाब अकेला नहीं है-अश्विनी शर्मा
वहीं पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब आगमन पर हार्दिक स्वागत करता हूं। उनका यह दौरा इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार पंजाब के दुःख-दर्द में हमारे साथ खड़ी है। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से पंजाब के किसान, मजदूर और आम नागरिक बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पंजाब के किसान जानते हैं कि केंद्र सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है। पंजाब खुले दिल से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करता है। प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा स्पष्ट संदेश देता है कि पंजाब अकेला नहीं है, बल्कि पूरा देश और केंद्र सरकार पंजाब के साथ मजबूती से खड़ी है। केंद्र सरकार लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही है।
सीएम बोले-मोदी का स्वागत है
सीएम भगवंत मान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब आ रहे हैं, मैं उनका स्वागत करता हूं। मेरी तबीयत ठीक नहीं है, वरना मैं स्वयं आकर उन्हें सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करवाता। मैं उम्मीद करता हूं कि प्रधानमंत्री पंजाब और पंजाबियों को इस प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए कोई अच्छा पैकेज या घोषणा करके जाएंगे।
बाढ़ पीड़ितों का दर्द समझने और स्थिति का जायजा लेने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब आ रहे हैं। वे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए दिल्ली से रवाना हो चुके हैं। रवाना होने से पहले मोदी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार बाढ़ ग्रस्त लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।









