पोकरण से पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, ISI चला रहा था आरोपी का वाट्सअप

राजस्थान इंटेलिजेंस ने राज्य की सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए जैसलमेर जिले के पोकरण क्षेत्र से एक आईएसआई एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झबराराम पुत्र भानाराम (28 वर्ष), निवासी गांव नेडान, पुलिस थाना सांकड़ा, तहसील पोकरण, जिला जैसलमेर के रूप में हुई है।

 

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (इंटेलिजेंस) राजस्थान, प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों द्वारा राज्य में संचालित की जा रही जासूसी गतिविधियों पर राजस्थान इंटेलिजेंस लगातार कड़ी निगरानी रखे हुए है। इसी निगरानी के दौरान झबराराम की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जांच में सामने आया कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था।

जानकारी मिलने के बाद झबराराम को केंद्रीय पूछताछ केंद्र जयपुर लाया गया, जहां विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से उससे पूछताछ की। पूछताछ के साथ-साथ उसके मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों का तकनीकी परीक्षण कराया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी आईएसआई के हैंडलरों के संपर्क में रहकर हनीट्रैप और धनराशि के लालच में भारतीय सेना से जुड़ी सामरिक महत्व की सूचनाएं साझा कर रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने नाम से जारी सिम कार्ड का ओटीपी साझा कर आईएसआई के हैंडलरों को व्हाट्सएप अकाउंट डाउनलोड और संचालित करने में मदद की, ताकि भारत में रहते हुए राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके। इस माध्यम से संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचाई जा रही थीं।

राजस्थान इंटेलिजेंस द्वारा उपलब्ध डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह प्रमाणित पाया गया कि झबराराम ने जान-बूझकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधियों में सहयोग किया। इसके बाद उसके खिलाफ शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

और पढ़े  राजस्थान: अरावली पहाड़ियों में आग ने लिया विकराल रूप, सूखी झाड़ियों से उठीं लपटों ने कई किलोमीटर तक मचाई तबाही

राज्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजस्थान इंटेलिजेंस ने 30 जनवरी को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और उसके संपर्क नेटवर्क की भी विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि किसी अन्य संभावित साजिश या सहयोगियों का पता लगाया जा सके।

  • Related Posts

    कर्नाटक में गन्ना किसानों को राहत मिलने के आसार: CM शिवकुमार ने कहा- बातचीत सफल रही, केंद्र पर क्या बोले?

    कर्नाटक में गन्ना किसानों और चीनी मिल मालिकों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद गतिरोध खत्म होने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार की अगुवाई में हुई…

    यूएन: भारत ने वीटो पावर के इस्तेमाल पर उठाए सवाल, कहा- शांति के लिए हो उपयोग, सियासी फायदे के लिए नहीं

    संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के पूर्ण सत्र में वीटो पावर के इस्तेमाल को लेकर भारत का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि…