नैनीताल- वीकेंड का जाम: कई किलोमीटर लंबी कतार, ट्रैफिक प्लान फेल, यातायात व्यवस्था चरमराई

वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना के बावजूद प्रशासन और पुलिस की तैयारियां नाकाफी साबित हुईं। शनिवार को नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ा तो शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। भवाली, हल्द्वानी और कालाढूंगी मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने के बावजूद पुलिस घंटों तक यातायात को नियंत्रित नहीं कर सकी।

शनिवार को शहर के डीएसए मैदान, मेट्रोपोल, सूखाताल समेत प्रमुख पार्किंग स्थल सुबह ही फुल हो गए। इसके बाद पुलिस ने हल्द्वानी मार्ग से आने वाले वाहनों को रूसी बाइपास और कालाढूंगी मार्ग से आने वाले वाहनों को नारायण नगर में रोकना शुरू किया। यहां शटल सेवा से पर्यटकों को शहर भेजने की व्यवस्था की गई, लेकिन एंट्री प्वाइंट पर ही वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पर्यटक घंटों जाम में फंसे रहे। भवाली मार्ग पर कैंची धाम जाने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने से हालात और बिगड़ गए। भवाली से जोखिया तक करीब छह किलोमीटर और हल्द्वानी मार्ग पर भूमियाधार तक वाहनों की कतार लगी रही। इससे स्थानीय लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। वहीं अस्थायी पार्किंग रूसी बाइपास हल्द्वानी रोड पर वाहन रोकने के बाद भी व्यवस्थाएं बिगड़ी रहीं जिससे पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

 

दावे बड़े, जमीन पर व्यवस्थाएं नदारद
वीकेंड से पहले प्रशासन और पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों के दावे किए गए थे, लेकिन भीड़ बढ़ते ही व्यवस्थाएं बिखर गईं। एंट्री प्वाइंट पर पर्याप्त पार्किंग, शौचालय, बैठने और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं तक नजर नहीं आईं। शटल सेवा की जानकारी के अभाव में पर्यटक इधर-उधर भटकते रहे।

दिनभर जाम, रात फुटपाथ पर
जाम के चलते कई पर्यटक देर रात तक नैनीताल में फंसे रहे। इसके बाद शहर में कमरा नहीं मिलने पर कई पर्यटकों ने तल्लीताल रोडवेज स्टेशन, रिक्शा स्टैंड और दुकानों के बाहर रात गुजारी। देर रात कई लोगों ने पर्यटकों के सार्वजनिक स्थानों पर सोने का वीडियाे बनाकर सोशल मीडिया में डालकर प्रशासन की व्यवस्थाओं को फेल बताया। अस्थायी पार्किंग स्थलों पर शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग परेशान रहे। भीड़ बढ़ते ही पुलिस का ट्रैफिक प्लान भी प्रभावी साबित नहीं हुआ और पर्यटकों को अव्यवस्थाओं का खामियाजा भुगतना पड़ा।

और पढ़े  उत्तराखंड: HC का फैसला, गंगा घाटों पर स्नान करने वालों की सुरक्षा को लेकर डीएम लेंगे निर्णय

शनिवार को पर्यटकों को गाड़ी में नैनीताल लाया था, लेकिन वाहन रूसी बाइपास में पार्क करा दिया। 200 रुपये की पर्ची काटने के बाद भी पार्किंग स्थल पर न तो शौचालय न ही पानी की व्यवस्था थी। – दीपक शर्मा, वाहन चालक दिल्ली

जाम में फंसने के बाद जैसे तैसे रूसी बाइपास पहुंचे तो वाहन पार्क करा दिया। लेकिन यहां से नैनीताल जाने के लिए पहले गाड़ियां नहीं मिलीं, जब मिली तो एक व्यक्ति के 200 या 250 रुपये मांग गए। ऐसी अव्यवस्थाओं में परिवार के साथ नैनीताल आना सही नहीं लगा।
अमित साह, गाजियाबाद

शुक्रवार को पर्यटकों की भीड़ बढ़ने से नैनीताल में पार्किंग स्थल पैक हो गए हैं। शनिवार सुबह से यातायात प्लान लागू किया गया। पार्किंग वाले होटलों की बुकिंग के बिना पर्यटकों के वाहनों को नैनीताल में प्रवेश नहीं दिया गया। शटल के माध्यम से ही पर्यटकों को नैनीताल भेजा गया। भीड़ को देखते हुए रविवार को भी व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। – डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी, नैनीताल

 

 

अस्थाई पार्किंगों में अव्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों की जवाबदेही है। संबंधित विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा और व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी। – नवाजिश खलीक, एसडीएम, नैनीताल

  • Related Posts

    जाम से हाहाकार: नैनीताल की बिगाड़ी यातायात व्यवस्था, डायवर्ट रूट से ज्योलीकोट पहुंचे पर्यटकों ने दिया धरना

    तीन दिन की छुट्टी के चलते नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़ का असर ज्योलीकोट मार्ग पर भी देखने को मिला। रविवार को ज्योलीकोट में लंबा जाम लगने से पर्यटक…

    उत्तराखंड / चंपावत: युवाओं को सौगात, डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा, कुक्कुट पालकों को दो करोड़ की सब्सिडी, जानें..

    राज्य गठन के करीब 26 साल बाद पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक हुई। कैबिनेट बैठक में 24 प्रस्ताव पर चर्चा हुई। चुनावी वर्ष में सरकार ने…