मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को मसूरी की ऐतिहासिक विरासत, लोक परंपराओं और उत्तराखंड की संस्कृति से जोड़ा जाएगा। कार्निवाल के कार्यक्रमों के माध्यम से इनसे देश-विदेश के पर्यटकों को परिचित कराने पर जोर रहेगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्निवल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को हुई समीक्षा बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण के कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने अन्य पर्यटन क्षेत्रों में आयोजित सफल कार्निवाल और महोत्सवों का अध्ययन कर वहां की बेहतर व्यवस्थाओं और नवाचारों को मसूरी की परिस्थितियों के अनुरूप अपनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विंटरलाइन कार्निवाल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय होटल व्यवसायियों, व्यापारियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं और कलाकारों के लिए रोजगार व आय के अवसर बढ़ाने का माध्यम है। आयोजन की योजना इस तरह तैयार की जाए कि इसका लाभ स्थानीय लोगों और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिले।








