पहाड़ों की रानी मसूरी में लॉन्ग वीकेंड के चलते सोमवार को भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटन स्थलों पर रौनक बनी रही। हालांकि, पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के बीच शहर की यातायात व्यवस्था एक बार फिर पटरी से उतरती नजर आई। शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी हैप्पी वैली स्थित बुद्धा टेंपल जाने वाले मार्ग पर देखने को मिली।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों में इस बात को लेकर नाराजगी रही कि पर्यटन सीजन और छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई। हालांकि, शहर के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की चहल-पहल से रौनक बनी रही, लेकिन जाम के कारण लोगों का काफी समय सड़कों पर ही बीत गया। प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह गहलावत ने कहा कि पुलिस फोर्स की कमी है , जो फोर्स मौजुद है उसी से व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है।








