MP- ग्वालियर हादसे के बाद पुलिस महकमे पर सीएम का एक्शन, सीएसपी को हटाया, आठ पुलिसकर्मी निलंबित

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। हादसे में श्रद्धालुओं की मौत के बाद पुलिस की भूमिका और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सरकार ने जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई की जद में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

 

बाबा महाकाल से प्रार्थना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। उन्होंने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की है।

और पढ़े  ग्वालियर हादसा: किसी का बेटा, किसी का सहारा... 14 मौतों ने उजाड़े परिवार, 11 की पहचान

दो मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश
घटना के बाद मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। हादसे में प्रभावित परिवार ग्वालियर के अलावा शिवपुरी और श्योपुर के भी बताए गए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों पर हुई कार्रवाई से साफ है कि सरकार ने मामले में विभागीय जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू की है।

  • Related Posts

    ग्वालियर हादसा: किसी का बेटा, किसी का सहारा… 14 मौतों ने उजाड़े परिवार, 11 की पहचान

    ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात भीषण सड़क हादसा हो गया। मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को धान से भरे…

    ग्वालियर में बड़ा हादसा: शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 14 की मौत, 29 घायल

    मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात मौत बनकर एक तेज रफ्तार ट्रक टूट पड़ा। चीनौर…