हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हिमाचल आएंगे। कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी विशेष विमान से करीब 1:20 बजे गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। करीब डेढ़ बजे एयरपोर्ट पर ही पीएम मुख्यमंत्री सुक्खू समेत अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और राज्य में हुए नुकसान की समीक्षा करेंगे। डेढ़ से 2:15 बजे तक मीटिंग चलेगी। उसके बाद पीएम आपदा प्रभावित चंबा, मंडी और कुल्लू का हवाई निरीक्षण करेंगे। वहीं, पीएम मोदी आज पंजाब भी जाएंगे।
बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली समीक्षा बैठक में 20 के करीब लोगों को शामिल होने की अनुमति रहेगी। पीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हिमाचल पुलिस के करीब 400 जवान सुरक्षा के लिए जगह-जगह तैनात रहेंगे। ड्रोन से भी पूरे इलाके पर नजर रखी जाएगी। पीएम के दौरे के मद्देनजर कांगड़ा जिला नो-फ्लाई जोन रहेगा। इस दौरान किसी भी तरह की हवाई उड़ान और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।









