फीफा विश्व कप 2026 में गुरुवार का दिन रिकॉर्ड और रोमांच से भरपूर रहा। कनाडा ने जोनाथन डेविड की हैट्रिक की बदौलत कतर को 6-0 से हराकर विश्व कप इतिहास की पहली जीत दर्ज की और नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। दूसरी ओर, स्विट्जरलैंड ने बोस्निया-हर्जेगोविना को 4-1 से हराकर अपने ग्रुप में बढ़त हासिल की। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने तेबोहो मोकोएना के देर से किए गए पेनल्टी गोल की मदद से चेक गणराज्य के खिलाफ 1-1 की बराबरी हासिल कर विश्व कप में अपनी उम्मीदों को जीवित रखा।
कनाडा का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
फीफा विश्व कप 2026 में कनाडा ने अपने फुटबॉल इतिहास की सबसे यादगार जीत दर्ज करते हुए कतर को 6-0 से रौंद दिया। इस जीत के साथ कनाडा ने विश्व कप इतिहास में अपनी पहली जीत हासिल की और नॉकआउट चरण में पहुंचने की दावेदारी बेहद मजबूत कर ली। मैच के नायक स्ट्राइकर जोनाथन डेविड रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाई।
डेविड इस विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। इससे पहले यह उपलब्धि अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने हासिल की थी। कनाडा ने शुरुआत से ही दबाव बनाया। साइल लारिन ने 16वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद डेविड ने 29वें मिनट और पहले हाफ के इंजरी टाइम में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
कतर की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब होमान अहमद को 33वें मिनट में रेड कार्ड दिखाया गया। दूसरे हाफ में असिम मदीबो को भी रेड कार्ड मिला और कतर नौ खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गया। नाथन सालिबा ने 64वें मिनट में चौथा गोल किया, जबकि मोहम्मद मनाई के आत्मघाती गोल ने कनाडा की बढ़त 5-0 कर दी। इंजरी टाइम में डेविड ने अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी स्टेडियम में मौजूद थे और उन्होंने फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के साथ मैच देखा।
जोनाथन डेविड ने बनाया खास रिकॉर्ड
- जोनाथन डेविड विश्व कप 2026 में हैट्रिक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। कनाडा के लिए यह उपलब्धि ऐतिहासिक है क्योंकि इससे पहले किसी कनाडाई खिलाड़ी ने विश्व कप में हैट्रिक नहीं लगाई थी। इसके अलावा कनाडा की 6-0 की जीत विश्व कप में उसकी सबसे बड़ी जीत भी बन गई। इस जीत के बाद टीम नॉकआउट चरण के बेहद करीब पहुंच गई है।
- जोनाथन डेविड की हैट्रिक सिर्फ कनाडा की पहली विश्व कप जीत की कहानी नहीं थी, बल्कि एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी थी। डेविड 1966 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के ज्योफ हर्स्ट के बाद अपने देश में आयोजित विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले पहले फुटबॉलर बन गए।
स्विट्जरलैंड की धमाकेदार जीत, ग्रुप पर जमाया कब्जा
ग्रुप बी के मुकाबले में स्विट्जरलैंड ने बोस्निया-हर्जेगोविना को 4-1 से हराकर अपने अभियान को नई दिशा दी। मैच लंबे समय तक संतुलित रहा, लेकिन अंतिम 15 मिनट में स्विस टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए चार गोल दाग दिए। सब्स्टीट्यूट जोहान मंजाम्बी इस जीत के सबसे बड़े हीरो बने। उन्होंने 74वें और 90वें मिनट में दो गोल किए। रुबेन वर्गास ने 84वें मिनट में गोल किया, जबकि कप्तान ग्रेनिट झाका ने स्टॉपेज टाइम में पेनल्टी को गोल में बदलकर जीत पर मुहर लगा दी।
बोस्निया की मुश्किलें तब बढ़ीं जब तारिक मुहरेमोविच को खतरनाक टैकल के लिए रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही बोस्नियाई टीम स्विस हमलों को नहीं रोक सकी। हालांकि इंजरी टाइम में एर्मिन माहमिक ने एक गोल कर हार का अंतर कम किया।








