जोधपुर नगर निगम चुनाव परिणाम: BJP-कांग्रेस बराबर पर, वार्ड 50 के एक बूथ पर हो सकता है दोबारा मतदान

जोधपुर नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना में अब तक भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। 100 वार्डों में 385 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो रहा है। जोधपुर नगर निगम के चुनाव परिणाम में अब तक भाजपा के 44, कांग्रेस के 44 और अन्य दलों के 11 प्रत्याशी जीत चुके हैं।

वार्ड 99 में भाजपा की निकिता ने पूर्व मेयर कुंती देवड़ा को 259 वोटों से हराया। वार्ड 42 में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के पूर्व राज्य मंत्री मेघराज लोहिया ने उन्हें 279 वोटों से हराया।
वार्ड 50 में दोबारा मतदान की संभावना 
जोधपुर में वार्ड 50 का चुनाव परिणाम विवादों में आ गया है। यहां पर एक बूथ पर EVM में खराबी आ गई है। इसकी वजह से रिटर्निंग अधिकारी ने चुनाव आयोग से इस बूथ पर दोबारा चुनाव के लिए गाइड लाइन मांगी है। इस पर फिलहाल निर्णय नहीं आया है। माना जा रहा है कि एक बूथ पर दोबारा मतदान होगा।
वार्ड 51 में कांग्रेस की 21 वर्षीय सरस्वती प्रजापत ने जीत दर्ज की। वे सबसे कम उम्र की प्रत्याशी हैं और यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। वार्ड 28 में भाजपा प्रत्याशी और फुटबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी विकास राघवानी विजयी रहे। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व पार्षद को हराया, जो तीसरे स्थान पर रहे। वहीं वार्ड में भाजपा के पूर्व डिप्टी मेयर देवेंद्र सालेचा हार गए। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेशचंद्र जोशी ने जीत दर्ज की। दोनों ही महापौर पद के दावेदारों में शामिल थे। खास बात यह रही कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के वार्ड में भाजपा को हार मिली, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी हार गया।     शहर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना जारी है। शुरुआत डाक मतपत्रों की गिनती से हुई, इसके बाद अन्य मतों की गणना की जा रही है। मतगणना के लिए कॉलेज के 10 कमरों में प्रत्येक वार्ड के लिए अलग-अलग टेबल लगाई गई हैं।

दिग्गजों को झटका

और पढ़े  बैंक यूनियनों की आज देशव्यापी हड़ताल:- कई राज्यों में 4 दिन प्रभावित हो सकती हैं सेवाएं, क्या-क्या काम रुकेंगे?

जोधपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों में कई दिग्गज नेताओं को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वार्ड संख्या 88 से भाजपा के अशोक खींची ने कांग्रेस उम्मीदवार त्रिलोक को हराकर जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि गहलोत अपने ही वार्ड में कांग्रेस को जीत नहीं दिला पाए। वहीं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के वार्ड में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। वार्ड संख्या 56 से कांग्रेस की पुष्पा देवी विजयी रहीं। यहां भाजपा के दिग्गज नेता देवेंद्र सालेचा को हार मिली। चुनाव में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ओंकार वर्मा और कांग्रेस की पूर्व महापौर कुंती देवड़ा को भी हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर भाजपा के प्रथम चंद मेहता और मेघराज लोहिया चुनाव जीतने में सफल रहे। दोनों को महापौर पद के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है।

परिणाम से पहले हुई थी बाड़ाबंदी 

जोधपुर में मतदान खत्म होने के बाद भाजपा ने अपने सभी उम्मीदवारों को एक जगह बुलाया था। इसके बाद उन्हें बसों के जरिए एक होटल ले जाया गया। भाजपा की ओर से कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों को भी बाड़ाबंदी में शामिल करने के लिए बुलाया गया था।

 

पांव छूने को लेकर हुआ था विवाद
निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान जोधपुर के वार्ड नंबर 82 में विवाद खड़ा हो गया था। मतदान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पोलिंग पार्टी में तैनात कुछ कर्मचारियों ने पैर छू लिए थे। इसको लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई थी। पार्टी की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी, जोधपुर को शिकायत पत्र भी सौंपा गया था। अब आज आने वाले परिणाम से साफ होगा कि जोधपुर नगर निगम में जनता ने किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाया है।

  • Related Posts

    ट्रंप को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका- मध्यावधि चुनाव से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति का बैन निरस्त, डाक मतपत्र मामले में क्या निर्णय?

    सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मेल मतपत्र प्रतिबंधों को फिलहाल खारिज कर दिया। इस निर्णय से राज्यों को अपनी पुरानी मेल मतपत्र प्रक्रियाओं को जारी रखने…

    मुंबई: 3400 करोड़ की संपत्ति वाले BJP विधायक क्यों बने भिखारी, लोगों ने कैसे पहचाना…

    महाराष्ट्र के सबसे अमीर भाजपा विधायकों में शुमार और करीब 3,400 करोड़ों की संपत्ति के मालिक पराग शाह अपने जैन गुरु के सुझाव पर वैभव, आराम और सुरक्षा को छोड़कर…