एशियाड में स्वर्ण से एक कदम दूर भारतीय महिला टीम: शेफाली-अट्टापट्टू के बीच दिखेगी टक्कर, संभावित प्लेइंग-11

भारत का एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट में दबदबा बरकरार रहने की उम्मीद है, लेकिन मंगलवार को होने वाले फाइनल में जुझारू श्रीलंका की टीम गत चैंपियन को कड़ी चुनौती देने के इरादे से उतरेगी। भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीम के एक बार फिर पोडियम के शीर्ष पर पहुंचने की उम्मीद है और बेहद खराब प्रदर्शन ही उन्हें स्वर्ण पदक से रोक सकता है।

दबदबा बरकरार रखना चाहेगी भारतीय महिला टीम 
हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने जापान और बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई है। मंगलवार को स्वर्ण पदक जीतने पर भारत क्षेत्र में अपनी बादशाहत और मजबूत करेगा। भारत ने इस महीने की शुरुआत में एशिया कप के फाइनल में भी श्रीलंका को हराया था। श्रीलंका अतीत में भारत को हरा चुका है लेकिन हाल के वर्षों में भारत और अन्य एशियाई टीमों के बीच अंतर बढ़ा है।
भारत के सामने अट्टापट्टू पेश कर सकती हैं चुनौती
कप्तान चमारी अटापट्टू की 50 गेंद में 82 रन की शानदार पारी की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए श्रीलंका को ऐसे ही कुछ बेहतरीन प्रदर्शनों की जरूरत होगी। भारतीय टीम सभी विभागों में शानदार फॉर्म में है। सलामी बल्लेबाज, खासकर शेफाली वर्मा शानदार फॉर्म में हैं, जबकि टीम प्रबंधन तीसरे नंबर के बल्लेबाजी क्रम को लेकर लगातार प्रयोग कर रहा है।

बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में जी कमालिनी को तीसरे नंबर पर उतारा गया था, जबकि जापान के खिलाफ इसी स्थान पर भारती फुलमाली को आजमाया गया था। टूर्नामेंट में अब तक बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही कमालिनी ने क्वार्टर फाइनल में शेफाली के साथ पारी की शुरुआत की थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर एशिया कप में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं थीं और उनके प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि महत्वपूर्ण फाइनल में वह अपनी पुरानी लय हासिल करेंगी।

और पढ़े  एशियन गेम्स 2026: कब शुरू होंगे भारत के मुकाबले, कौन दिला सकता है स्वर्ण और कहां देखें लाइव? यहां जानें..

पहले दो मुकाबलों को देखते हुए भारत के लिए ज्यादातर विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं और फाइनल में भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। दीप्ति शर्मा शानदार फॉर्म में हैं और उन्हें श्री चरणी का अच्छा साथ मिल रहा है। तेज गेंदबाजी विभाग में नंदनी शर्मा ने प्रभावित किया है।

इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी. कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदिनी शर्मा।
श्रीलंका: इमिशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, कविषा दिलहारी, हर्षिता समरविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), रश्मिका सेवांदी, मिताली अयोध्या, चामुदी प्रबोदा, सुगंदिका कुमारी।

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का फाइनल मुकाबला कब खेला जाएगा?

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का फाइनल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा।

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का फाइनल मुकाबला कहां खेला जाएगा?

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का फाइनल मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा।

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का फाइनल मुकाबला कितने बजे शुरू होगा?

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधा घंटा पहले यानी सुबह 10 बजे होगा।

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का फाइनल मुकाबला कहां देख सकेंगे?

एशियन गेम्स का प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। यह मुकाबला सोनी स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।

  • Related Posts

    एशियन गेम्स 2026- एशियाड में भारत का पहला पदक, महिला शूटिंग टीम ने दिलाया सिल्वर,हॉकी में भी जीते

    एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है। कई खेलों में पदक मुकाबले होंगे। भारतीय महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगी।…

    आज एशियन गेम्स 2026 का आगाज: 501 भारतीय एथलीट लगाएंगे जोर, क्या टूटेगा 64 साल का इंतजार? टॉप-तीन का है लक्ष्य

    साल 1951 में दिल्ली में शुरू एशियन गेम्स का सफर 75वें साल में जापान के आइची-नागोया तक पहुंच गया है। एशियन गेम्स 2026 की परीक्षा का बिगुल भले ही कई…