हिमाचल प्रदेश में माैसम ने फिर करवट ली है। राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह से रुक-रुककर बर्फबारी जारी है। जबकि शिमला सहित कई अन्य भागों में बारिश दर्ज की गई है। एक दिन मौसम साफ रहने के बाद बुधवार सुबह से रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला और कुंजम दर्रा में रुक-रुककर बर्फबारी जारी है। दोपहर बाद अटल टनल के साथ कोकसर, घेपन पीक, बड़ा और छोटा शिगरी ग्लेशियर और चंद्रा घाटी में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई। अटल टनल, रोहतांग और धुंधी में बर्फबारी होने से पुलिस ने अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। सुबह नेहरूकुंड में ही सभी वाहन रोके गए। हालांकि, दोपहर बाद फोर बाई फोर वाहनों को सोलंगनाला तक भेजा गया। शाम चार बजे से पहले कुछ वाहन अटल टनल की ओर भी भेजे गए। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि अटल टनल में भारी बर्फबारी हो रही है। इस वजह से फिलहाल अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजही रोकी गई है। सिर्फ आपात स्थिति में ही फोर बाई फोर वाहनों को लाहौल की ओर भेजा जा रहा है। वहीं किन्नौर जिले के छितकुल, किन्नौर कैलाश की चोटियों, रामपुर के 12/20, 15/20, सराहन की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। निरमंड की श्रीखंड की पहाड़ियों और आनी के जलोड़ी जोत सहित अधिकांश ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ।









