शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी, शहर में यातायात ठप
पहाड़ी की रानी शिमला सहित जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। शिमला समेत कई स्थानों पर बर्फीला तूफान भी चल रहा है। महीनों के सूखे के बाद हुई इस बर्फबारी से किसानों और बागवानों को बड़ी राहत मिली है। इस दाैरान रिज व मालरोड पर सैलानियों ने जमकर मस्ती की।
जम्मू के ऊंचे इलाकों में हुई भारी बर्फबारी
जम्मू क्षेत्र के ऊंचे इलाकों में शुक्रवार को भारी बर्फबारी हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई प्रमुख सड़कें बंद कर दी गईं, वहीं पहाड़ी जिलों में एहतियातन स्कूलों को भी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जिसके चलते यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया। वहीं जम्मू शहर समेत मैदानी इलाकों में हुई मध्यम बारिश ने पिछले दो महीनों से जारी लंबे सूखे से लोगों को राहत दी है।
रामबन-डोडा से लेकर पुंछ तक बर्फबारी, पांच इंच से लेकर एक फीट तक जमी बर्फ
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार देर शाम से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हुई, जबकि रातभर मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। अधिकारियों के मुताबिक रामबन, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजोरी, रियासी, उधमपुर और कठुआ जिलों के ऊपरी इलाकों में अब भी बर्फ गिर रही है, जहा पांच इंच से लेकर एक फुट से अधिक तक बर्फ जम चुकी है।
उत्तराखंड: ट्रेंडिंग में आज पहाड़ों की रानी मसूरी, बर्फ की पहली चादर के साथ लौटा जादू
उत्तराखंड के पहाड़ों में मौसम ने शुक्रवार सुबह अचानक करवट ले ली। सुबह के शुरुआती घंटों में मसूरी समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली। हल्की बारिश के बाद जैसे ही तापमान गिरा, मसूरी की पहाड़ियां, सड़कें और देवदार के पेड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए। इसी के साथ आज मसूरी सोशल मीडिया पर ट्रेंड करता दिखा। वहीं देहरादून और अन्य निचले इलाकों में दिन भर झमाझम बारिश पड़ती रही।
मसूरी से लेकर ऊंचे इलाकों तक बर्फ की सौगात
मसूरी, धनोल्टी, चकराता, औली, गंगोत्री टिहरी और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। मसूरी के कंपनी गार्डन, कैम्पटी फॉल रोड और मॉल रोड के आसपास बर्फ की परत जमने से नजारा पूरी तरह बदल गया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी इस मौसम का भरपूर आनंद लेते नजर आए।