हरिद्वार:- कत्ल: डॉक्टर पति ने बीमार पत्नी को दवा के बहाने पिला दिया जहर, एफएसएल रिपोर्ट से खुला हत्या का राज

रिद्वार में बहादराबाद पुलिस ने पत्नी को जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे डॉक्टर पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि होने के बाद हुआ। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

 

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि चार फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने स्वयं की।

 

जांच के दौरान घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए और पोस्टमार्टम के बाद मृतका का बिसरा परीक्षण के लिए एफएसएल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, एफएसएल रिपोर्ट में मृतका की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद वैज्ञानिक साक्ष्यों और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी पति अफजाल की भूमिका स्पष्ट होने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार होने की फिराक में है। इस पर शनिवार को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बीमारी से था परेशान

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी अफजाल (38) निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

और पढ़े  हरिद्वार: कांगड़ी फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, मैक्स की टक्कर से तीनों वाहन क्षतिग्रस्त, दुर्घटना में चालक चोटिल
  • Related Posts

    अल्मोड़ा- पहाड़ की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, भेंट चढ़ी 3 जिंदगियां: 3 दिन तक भटका परिवार, नहीं बचे जुड़वा बच्चे और मां

    पहाड़ों के कठिन जीवन व बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की भेंट इस बार एक गर्भवती  चढ़ी है। इनोलू गांव की गर्भवती निशा को बचाने की कोशिश में उसका परिवार तीन दिन…

    उत्तराखंड: अयोध्या में अतिथि गृह, रुद्रपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए कवायद तेज, तैयारी में जुटा विभाग

    अयोध्या में 67.83 करोड़ रुपये की लागत से राज्य अतिथि गृह और ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान में 23.32 करोड़ रुपये से आधुनिक इंडोर व आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स…