चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में शनिवार को सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंची। टीम ने बीएचईएल क्षेत्र स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उनसे कई सवाल किए गए।
ऑडियो क्लिप और उससे जुड़े आरोपों के सामने आने के बाद मामले में पुलिस ने अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। अब इसी प्रकरण में शनिवार की शाम करीब चार बजे सीबीआई की टीम ने हरिद्वार पहुंची। भेल के शिवालिक गेस्ट हाउस में पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ शुरू की गई। शाम सात बजे टीम ने पूछताछ के बाद राठौर को छोड़ दिया। हालांकि, पूछताछ के दौरान किन सवालों पर चर्चा हुई और उनके क्या जवाब मिले, इस संबंध में सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।
जांच में पूरा सहयोग करूंगा: विधायक
-पूछताछ के बाद मीडिया के सामने आए पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि उन्होंने सीबीआई के सामने पूरी बात रखी है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा और अभी भी कर रहे हैं। उर्मिला सनावर के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं कुछ नहीं कहता कि उर्मिला कौन है, कौन नहीं।
नई दिल्ली में शुक्रवार को अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र भंडारी और मां सोनी देवी सांसद बलूनी के साथ सीबीआई मुख्यालय पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट की। दोनों ने अधिकारियों को प्रकरण से संबंधित सभी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने अफसरों को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द और सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं सीबीआई अफसरों ने आश्वासन दिया कि सभी पहलुओं का परीक्षण कर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।बता दें कि दो रोज पहले अंकिता के माता पिता ने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने के विरोध में और अंकिता हत्याकांड में जल्द और सख्त कार्रवाई की मांग कर इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया था। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने मौके पर पहुंचकर दोनों को समर्थन दिया था। अगले दिन तड़के इंडिया गेट पर ही डटे अंकिता के माता-पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। हालांकि बाद में दोनों को रिहा कर दिया गया था। दोनों ने पुलिस को चेतावनी देते हुए दोबारा प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी थी।
पुलिस की इसी कार्रवाई के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने देहरादून में लोक भवन कूच की कोशिश की थी। आगे बढ़ने से रोकने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की पुलिसकर्मियों से जोरदार भिड़ंत भी हुई थी। लोक भवन का गेट खोलने की कोशिश और पुलिस से धक्का-मुक्की करने के आरोप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत 30 नेताओं पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शुक्रवार को अंकिता के माता-पिता के ही संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और उनकी मांग पर सीबीआई के अधिकारियों से मुलाकात कराई। अफसरों ने दोनों को मामले की निष्पक्ष और न्याय संगत जांच का आश्वासन दिया है।







