कुमाऊं में सबसे अधिक छात्रसंख्या वाले एमबीपीजी कॉलेज सहित जिले भर के महाविद्यालयों में शनिवार को छात्रसंघ के लिए चुनाव होगा। 13,978 मतदाता सात पदों के लिए चुनावी मैदान में खड़े 58 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके लिए 16 बूथ बनाए गए हैं। प्रत्याशी के साथ एक एजेंट की बूथ पर मौजूदगी रहेगी।चुनाव प्रभारी डॉ. संजय खत्री ने बताया कि कुल 16 बूथों में से आठ बूथ छात्राओं और आठ छात्र मतदाताओं के लिए हैं। सुबह नौ बजे से दो बजे तक वोटिंग होगी। फिर एक घंटे के ब्रेक के बाद तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हो होगी।
फर्जी वोटर की पहचान के लिए दो लेयर की चेकिंग
फर्जी वोटर की पहचान के लिए कॉलेज प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किया है। इसके लिए दो लेयर में चेकिंग होगी। सुबह नौ बजे से पहले गेट नंबर दो और तीन पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य तैनात रहेंगे। दोनों प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट और डॉ. सुरेंद्र सिंह के साथ हर छात्र मतदाता के आईडी कार्ड को देखा जाएगा। आईडी कार्ड की फोटो का छात्र या छात्रा के चेहरे से मिलान के बाद ही उन्हें अंदर आने दिया जाएगा। इसके बाद गेट के अंदर बूथ पर भी मतदाताओं की रंगीन फोटो के साथ सूची होगी। आईडी कार्ड में संशय होने पर सूची से वास्तविक छात्र की पहचान की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें वोट देने दिया जाएगा।
एमबीपीजी में किस पद पर कितने प्रत्याशी मैदान में
अध्यक्ष कमल बोरा (एनएसयूआई), अभिषेक गोस्वामी (एबीवीपी), मोहम्मद अरशद (निर्दल)
उपाध्यक्ष मनीष चंद्र (निर्दल), वंशदेव (निर्दल)
कोषाध्यक्ष – प्रियंका दानू (निर्दल), प्रिया दानू (निर्दल), यशवर्धन चिलवाल (निर्दल)
विवि प्रतिनिधि मयंक मेहता -(निर्दल), रक्षित सिंह बिष्ट (निर्दल)
संकाय प्रतिनिधि कला 30 प्रत्याशी
संकाय प्रतिनिधि विज्ञान 11 प्रत्याशी
संकाय प्रतिनिधि वाणिज्य 3 प्रत्याशी







