मुगल रोड पर 250 मीटर नीचे नाले में गिरी कार, इलाज कराने जा रहे दादा-पोता समेत 3 की मौत

मुगल रोड पर छत्तापानी इलाके में सोमवार की देर रात कार 250 मीटर गहरी खाई में नाले में गिरने से तीन लोगों की माैत हो गई। मृतकों में दादा, पोता और वाहन चालक शामिल हैं। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

32 वर्षीय पोता चाचा के साथ दादा को कैंसर का इलाज कराने श्रीनगर ले जा रहा था। चाचा लापता है। अंधेरा होने और फिसलन के चलते बचाव अभियान रोक दिया गया है। बुधवार सुबह सात बजे फिर से अभियान शुरू होगा। कार खोजने में 5 घंटे लग गए।

पुलिस ने बताया, मंगनाड़ निवासी बुजुर्ग अकबर हुसैन कैंसर पीड़ित थे। उनका शोपियां में एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार दोपहर करीब 11 बजे उन्हें लेकर बेटा मोहम्मद बशीर अपने 32 वर्षीय भतीजे अब्दुल मजीद के साथ कार से श्रीनगर के लिए निकला था। कार शाैकत चला रहा था। सभी मंगनाड़ के हैं।

सोमवार को प्रदेश में माैसम खराब था। मुगल रोड पर बर्फबारी हुई थी। पुलिस के अनुसार गांव से निकलने के बाद रात 11 बजे तक वे चारों न तो शोपियां पहुंचे और न श्रीनगर। वापस भी नहीं लाैटे। ऐसे में परिवार के लोगों को चिंता हुई। कार चालक शाैकत के परिवार के लोग भी परेशान हुए। चालक के स्वजन लगातार फोन काॅल कर रहे थे लेकिन रिसीव नहीं हो रही थी। रात एक बजे तक काॅल की जाती रही। रिसीव न होने पर उन्होंने शोपियां में जहां शाैकत ठहरता था, वहां फोन किया तो पता चला कि वह वहां नहीं पहुंचा है।

इसी बीच, मंगलवार दोपहर सोशल मीडिया एक वाहन के मुगल रोड पर लापता होने की सूचना वायरल होने लगी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो वाहन बैहरामगल्ला से कश्मीर की तरफ जाते देखा गया किंतु वह पीर की गली तक नहीं पहुंचा। इसके बाद हादसे की जानकारी मिली तो सुरनकोट पुलिस, एसडीआरएफ, यातायात पुलिस, सेना और स्थानीय लोगों ने एसडीएम सुरनकोट फारूक नाजकी, एसएचओ सुरनकोट आबिद बुखारी और डीटीआई पुंछ मंजूर अहमद कोहली की अगुवाई में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पांच घंटे की तलाशी में वाहन को छत्तापानी क्षेत्र में नाले में खोज लिया गया। संवाद

और पढ़े  सेब होगा महंगा- इस बार 40 फीसदी कम हुई पैदावार, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में खेती पर मौसम की मार

रस्सियों के सहारे शवों को लाया सड़क तक
लगातार तलाशी के बीच शाम करीब पांच बजे मुगलरोड पर छत्तापानी क्षेत्र में ढाई साै मीटर गहरी खाई में नाले में गिरे वाहन का पता चला। इसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। तलाशी में दो शव बरामद हो गए। इसके डेढ़ घंटे बाद एक और शव मिल गया। शवों को सड़क तक लाने में बचाव कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। तीनों के शवों को सुरनकोट उप जिला अस्पताल में रखा गया है।

खराब माैसम था… तुरंत नहीं पता चला हादसे के बारे में
सुरनकोट थाने के एसएचओ ने कहा, आशंका है कि वाहन दोपहर करीब एक बजे बैहरामगल्ला से निकला होगा। इसके बाद डोगरेयां के आगे सड़क पर बर्फ जमी होने और खराब माैसम के कारण फिसलकर खाई में गिर गया होगा। खराब माैसम के कारण किसी को इस हादसे का पता नहीं चल पाया। तलाशी में तीन शव बरामद कर लिए गए हैं। फिसलन के चलते बचाव कर्मियों को परेशानी होने लगी थी। ऐसे में रात भर के लिए अभियान रोक दिया गया है।

  • Related Posts

    सेब होगा महंगा- इस बार 40 फीसदी कम हुई पैदावार, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में खेती पर मौसम की मार

    सेब इस बार महंगा बिकेगा। देश के दो शीर्ष उत्पादक राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में सेब की पैदावार तेजी से घटी है। हिमाचल में पिछले साल के 4.07 लाख टन…

    जंगलों में छिपे आतंकियों की शामत: सुरक्षाबलों ने सितंबर में 5 पाकिस्तानी दहशतगर्दों को किया ढेर, 32 की तलाश

    एक तरफ पहाड़ों में आतंकियों की घेराबंदी, दूसरी तरफ पुख्ता खुफिया सूचनाओं पर दबाव और तीसरी तरफ सुरक्षित ठिकाना नहीं मिलने देना व वरिष्ठ अधिकारियों का मौके पर पहुंचकर अभियानों…