General V N Sharma Dies: 1965 युद्ध के वीर और हिमाचल के गौरव जनरल वीएन शर्मा का निधन

भारतीय सेना के 14वें पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल विश्वनाथ शर्मा (वीएन शर्मा) का शुक्रवार को 96 वर्ष की आयु में दिल्ली में निधन हो गया। कांगड़ा जिले की पालमपुर तहसील के डाढ़ गांव से संबंध रखने वाले जनरल शर्मा भारतीय सेना के उन चुनिंदा सैन्य अधिकारियों में शामिल थे, जिन्होंने युद्धक्षेत्र से लेकर सेना के सर्वोच्च पद तक का गौरवशाली सफर तय किया।

जनरल वीएन शर्मा का जन्म वर्ष 1930 में हुआ था। उन्हें वर्ष 1950 में भारतीय सेना की 16वीं लाइट कैवेलरी में कमीशन मिला। वह स्वतंत्र भारत के बाद कमीशन प्राप्त करने वाले पहले अधिकारी थे, जो आगे चलकर भारतीय सेना के थल सेनाध्यक्ष बने। उन्होंने 1 मई 1988 से 30 जून 1990 तक भारतीय सेना के 14वें थल सेनाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दीं।

1965 के युद्ध में लाहौर सेक्टर संभाला
मेजर के रूप में जनरल वीएन शर्मा ने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में लाहौर सेक्टर में मोर्चा संभाला। इसके अलावा श्रीलंका में भारतीय शांति सेना (IPKF) के अभियान में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1987 के भारत-चीन सैन्य गतिरोध के दौरान उनके नेतृत्व और रणनीतिक क्षमता की व्यापक सराहना हुई।
परमवीर चक्र विजेता सोमनाथ शर्मा के छोटे भाई थे
जनरल वीएन शर्मा एक गौरवशाली सैन्य परिवार से थे। वे भारत के प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा के छोटे भाई थे। उन्होंने अपना पूरा सैन्य जीवन राष्ट्र की सुरक्षा, सैनिकों के कल्याण और भारतीय सेना की प्रतिष्ठा को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। उनके निधन पर सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

और पढ़े  कांगड़ा: मायके में फंदे से झूलती मिली 23 वर्षीय महिला, पति-ननद समेत चार पर FIR, मां का दहेज प्रताड़ना का आरोप

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जनरल वीएन शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपने महान सैन्य नायकों में से एक को खो दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल शर्मा ने उत्कृष्ट नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा से भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

  • Related Posts

    राष्ट्रपति का हिमाचल दौरा आज एम्स बिलासपुर की OPD बंद, पंजीकरण और चिकित्सीय परामर्श नहीं, सिर्फ इमरजेंसी सेवा

    एम्स बिलासपुर में प्रथम दीक्षांत समारोह के चलते आज बाह्य रोगी विभाग यानी ओपीडी की सेवाएं बंद रहेंगी। इसके कारण अस्पताल में आने वाले सामान्य मरीजों का पंजीकरण नहीं किया…

    हिमाचल: शराब पीकर गाड़ी चलाने पर कानून बेअसर? शिमला शहर में हुए 60 फीसदी चालान, नौ महीने में 2125 केस

    शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के लिए सख्त कानून और पुलिस के लगातार अभियान के बावजूद शिमला में ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले चिंता बढ़ा रहे हैं। जिला…