हिमाचल: आसमान से गिरे, हाइटेंशन तारों में अटके; 145 मीटर ऊंचाई पर चार घंटे जिंदगी-मौत से जूझे रूसी पायलट

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के टांडू और मेहड़ गांव के पास पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर मंगलवार को पैराग्लाइडिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उड़ान के दौरान संतुलन बिगड़ने से रूस के पैराग्लाइडर पायलट अलेक्सेई इवाखिन जमीन से करीब 145 मीटर की ऊंचाई पर 66 केवी की हाइटेंशन बिजली लाइनों में उलझ गए। करीब चार घंटे तक चले बेहद चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

 

गावर कंपनी ने निभाई अहम भूमिका
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, घटनास्थल एनएचएआई के सीधे कार्यक्षेत्र में नहीं आता था। इसके बावजूद एनएचएआई और फोरलेन निर्माण कार्य में जुटी गावर कंपनी ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

 

जोखिम भरा था पूरा रेस्क्यू
गावर कंपनी के डीपीएम सिद्धार्थ और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय के बाद नजदीकी प्रोजेक्ट बेस से तत्काल हाई-रीच क्रेन मंगवाई गई। रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था। पायलट जमीन से करीब 145 मीटर की ऊंचाई पर बिजली की हाईटेंशन लाइनों में फंसा था। बचाव अभियान के दौरान सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय लोगों ने जमीन पर तिरपाल और गद्दे बिछाए।

 

जमशेद ने लिया था तमिलनाडु में प्रशिक्षण
प्रशासन ने पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी। साथ ही बिजली आपूर्ति भी तत्काल बंद करवाई गई। इसके बाद एसडीआरएफ के जवान नवीन कुमार और गावर कंपनी के प्रशिक्षित कर्मचारी जमशेद अहमद क्रेन की ट्रॉली के माध्यम से पायलट तक पहुंचे। जमशेद ने तमिलनाडु में इस तरह के रेस्क्यू ऑपरेशन का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उनकी तकनीकी दक्षता और एसडीआरएफ जवानों के प्रयासों से पायलट को सुरक्षित निकालने का रास्ता बना। इस दौरान क्रेन ऑपरेटर लवप्रीत ने भी सूझबूझ और सावधानी के साथ क्रेन का संचालन किया। सभी बचाव दलों के बेहतर तालमेल और समन्वित प्रयासों के बाद रूसी पायलट को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

और पढ़े  भैया दूज: त्योहार पर हिमाचल प्रदेश में आज सार्वजनिक अवकाश, स्कूल-कॉलेज सब रहेंगे बंद, अधिसूचना जारी

एनएचएआई की एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी रही तैनात
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एनएचएआई की एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात रही। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। पुलिस, स्थानीय प्रशासन, एनएचएआई, गावर कंपनी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त एवं त्वरित एक्शन से विदेशी नागरिक की जान बचाने में सफलता मिली।

बिलिंग से उड़ान भरने के बाद ग्लाइडर से जंगल में गिरा नोएडा का पर्यटक
बीड़ बिलिंग से टेंडम उड़ान के दौरान मंगलवार शाम एक पर्यटक ग्लाइडर से नीचे गिर गया। हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे वाड़ी गांव के ऊपर हुआ। पर्यटक की पहचान शुभम (26) निवासी नोएडा के रूप में बताई जा रही है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पायलट के अनुसार उड़ान के दौरान वाड़ी गांव के ऊपर पहुंचते ही पर्यटक अचानक नीचे गिर गया। लैंडिंग स्थल पर पहुंचकर पायलट ने साथियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद करीब 150 पायलटों ने अभियान शुरू किया।

दुर्गम इलाकों और अंधेरा होने के बावजूद देर शाम तक तलाश जारी रही। आशंका है कि पर्यटक के पैरों को सुरक्षित रखने वाले पट्टे खुलने से यह हादसा हुआ है। तकनीकी खराबी या मानवीय चूक की जांच की जा रही है। एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। बताया जा रहा है कि युवक अपने चार भाई-बहनों के साथ घूमने आया था। इन सभी में शुभम सबसे बड़ा है।

एक माह में कांगड़ा में चौथा हादसा : जिले में एक माह के भीतर पैराग्लाइडिंग से जुड़ी यह चौथी घटना है। इससे पूर्व 25 अक्तूबर को खनियारा-योल क्षेत्र में हादसे में बुल्गारिया के पायलट की मौत हो गई थी। 21 और 24 अक्तूबर को बीड़ से उड़ान भरने के बाद पहाड़ियों में फंसे दो पर्यटकों को सुरक्षित बचाया गया था।

  • Related Posts

    भैया दूज: त्योहार पर हिमाचल प्रदेश में आज सार्वजनिक अवकाश, स्कूल-कॉलेज सब रहेंगे बंद, अधिसूचना जारी

    हिमाचल प्रदेश में भैया दूज के अवसर पर इस बार सरकारी कर्मचारियों को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब इस त्योहार पर केवल महिला कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि…

    हिमाचल: दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा से मिले CM सुक्खू, दीपावली की दीं शुभकामनाएं

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिल्ली दाैरे के दाैरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की।…