गुरुवार को केरल विधानसभा चुनावों के लिए मतदान चल रहे हैं। केरल की 140 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। केरल विधानसभा चुनाव के लिए दिग्गज फिल्मी हस्तियां भी मतदान करने पहुंची हैं। मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी को कोच्चि के एक पोलिंग स्टेशन पर अपनी पत्नी सुल्फाथ कुट्टी के साथ वोट डालते हुए देखा गया। सुपरस्टार मोहनलाल ने भी वोट डाला है।
पत्नी और बेटे के साथ मतदान करने पहुंचे ममूटी
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मलयालम सिनेमा के दिग्गज कलाकार ममूटी गुरुवार सुबह कोच्चि के एक पोलिंग स्टेशन पर मतदान करने पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी सुल्फाथ कुट्टी भी वोट डालने पहुंचीं। ममूटी शांत और सादगी भरे अंदाज में पोलिंग बूथ पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी ने मतदाताओं और वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा, जिससे यह बात एक बार फिर साबित हुई कि सार्वजनिक हस्तियां अक्सर चुनावी प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देने में कितनी अहम भूमिका निभाती हैं। पोलिंग बूथ से बाहर निकलते हुए एक्टर के बेटे दुलकर सलमान को भी देखा गया।
मोहनलाल बोले- ‘मैंने अपना फर्ज निभाया, अब आपकी बारी’
सुपरस्टार मोहनलाल ने भी मतदान किया और अपना नागरिक कर्तव्य निभाया। अभिनेता सुबह 6:45 बजे नेमोम में कतार में खड़े दिखे। मोहनलाल ने सोशल मीडिया पर अपनी फोटो भी साझा की है। उन्होंने लिखा है, ‘मैंने अपना काम कर दिया। अब आपकी बारी है। केरल- जाओ, वोट दो’।
पृथ्वीराज सुकुमारन ने किया मतदान
पृथ्वीराज सुकुमारन ने भी मतदान किया। मलयालम एक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर पृथ्वीराज सुकुमारन को मतदान के लिए पोलिंग बूथ पर लाइन में खड़े देखा गया। वोट डालने के बाद उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अपनी उंगली पर लगी स्याही की एक तस्वीर शेयर की है।
कुंचाको बोबन भी मतदान को पहुंचे
अभिनेता कुंचाको बोबन भी अलाप्पुझा के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। अभिनेता हाल ही में क्राइम थ्रिलर ऑफिसर ऑन ड्यूटी में दिखाई दिए। कुंचाको ने अपनी इंस्टा स्टोरी के जरिए लोगों से भी मतदान करने की अपील की है।
टोविनो थॉमस ने डाला वोट
केरल विधानसभा चुनाव में अभिनेता टोविनो थॉमस ने त्रिशूर में अपने परिवार के साथ वोट डाला। एक्टर से जब पूछा गया कि क्या वे राजनीति में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं? इस पर उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि मैं इतना तनाव संभाल पाऊंगा’।








