फिल्म ‘धुरंधर 2- द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर चांदी काट रही है। सात दिनों में यह वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ क्लब का हिस्सा बन चुकी है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर यह 700 करोड़ी बनने की तरफ बढ़ चली है। आज आठवें दिन इसने शाहरुख खान की ‘जवान’ के लाइफटाइम कारोबार को पीछे छोड़ दिया है। 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने बीते गुरुवार को कितनी कमाई की है?
बीते सात दिनों का कलेक्शन
आदित्य धर निर्देशित रणवीर सिंह की स्पाई एक्शन फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने वीकएंड पर शानदार प्रदर्शन किया था। वीकडेज में फिल्मों के कलेक्शन में गिरावट होती है। ‘धुरंधर 2’ की कमाई में भी पहले सोमवार के बाद कमी आई, लेकिन इसके बावजूद यह वीकडेज में डबल डिजिट में कमाई करते हुए अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
- ओपनिंग डे पर फिल्म ने 145.55 करोड़ रुपये (पेड प्रिव्यू सहित) कमाए थे।
- फिल्म का दूसरे दिन का कलेक्शन 80.72 करोड़ रुपये रहा था।
- तीसरे दिन 113 करोड़ और चौथे दिन 114.85 करोड़ रुपये रहा था।
- फिल्म ने पांचवें दिन 65 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, वहीं छठे दिन 56.60 करोड़ रुपये कमाए।
- कल बुधवार को सातवें दिन ‘धुरंधर 2’ ने 48.25 करोड़ रुपये कमाए थे।
आठवें दिन कितना किया कारोबार?
फिल्म ‘धुरंधर 2-द रिवेंज’ ने खबर लिखे जाने तक सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक आज गुरुवार को आठवें दिन 35.52 करोड़ रुपये कमाए हैं। फिल्म का टोटल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 659.49 करोड़ रुपये हो चुका है। इस फिल्म ने आठवें दिन ‘जवान’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इतना ही नहीं, फिलहाल ‘धुरंधर 2’ सबसे ज्यादा कलेक्शन जुटाने वाली दूसरी हिंदी फिल्म है। इस मामले में पहले नंबर पर ‘धुरंधर’ का ही नाम है।
- फिल्म जवान ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 640.25 करोड़ रुपये कमाए थे।
- ‘कल्कि 2898 एडी’ ने 646.31 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।









