प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर की दो बड़ी कंपनियों- WinZO और GamezKraft (Pocket52) पर बड़ी कार्रवाई की। ये कंपनियां बंगलूरू और दिल्ली से संचालित होती हैं। जांच एजेंसी ने कुल 11 लोकेशंस पर छापे मारे, जिनमें 5 बेंगलुरु, 4 दिल्ली और 2 गुरुग्राम के स्थान शामिल हैं।
कॉरपोरेट ऑफिस और टॉप मैनेजमेंट के घरों पर भी छापे
ईडी की टीमों ने कंपनियों के कॉरपोरेट ऑफिस के साथ-साथ उनके सीईओ, सीओओ और सीएफओ के आवासों पर भी तलाशी ली। यह कार्रवाई बंगलूरू जोनल ऑफिस के नेतृत्व में की जा रही है।
एल्गोरिदम छेड़छाड़ का आरोप
पीड़ितों द्वारा दर्ज FIRs में दावा किया गया है कि इन गेमिंग एप्स के एल्गोरिदम को इस तरह बदला गया था कि खिलाड़ियों को हारने की अधिक संभावना रहे। आरोप है कि गेमप्ले सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया गया कि यूजर लगातार नुकसान में रहें।
क्रिप्टो वॉलेट से मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका
छापेमारी के दौरान ईडी को पता चला कि इन कंपनियों के प्रमोटर्स क्रिप्टो वॉलेट्स के मालिक हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह संकेत देता है कि मनी लॉन्ड्रिंग की गतिविधियां क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से हो सकती हैं। जांच एजेंसी अब इन डिजिटल ट्रांजैक्शंस की गहराई से जांच कर रही है।
ईडी फिलहाल डिजिटल एसेट्स, फंड फ्लो और एप के तकनीकी ढांचे की जांच कर रही है। एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि कथित एल्गोरिदम छेड़छाड़ और क्रिप्टो लेनदेन एक बड़े फ्रॉड नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं हैं।









