लाखों-करोड़ों दिलों पर राज करने वाले 60-70 के दशक के लोकप्रिय अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धर्मेंद्र को उम्र संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनके फैंस लगातार उनके जल्दी ठीक होने के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं। अमर उजाला से बातचीत में उनके करीबी दोस्त अवतार गिल ने धर्मेंद्र की सेहत पर अपडेट देते हुए बताया है कि उन पर दवाइयों का असर भी नहीं हो रहा है।
इंडस्ट्री से जुड़े सूत्र ने बताया ठीक नहीं है हालत
इंडस्ट्री से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि अभिनेता की हालत ठीक नहीं है। सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘धर्मजी की हालत ठीक नहीं है।’ हालांकि, धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल की पीआर टीम ने पीटीआई को धर्मेंद्र की हालत में सुधार होने की बात बताई। सनी की पीआर टीम की ओर से पीटीआई को बताया गया, ‘धर्मजी अभी भी अस्पताल में हैं। डॉक्टरों ने उन्हें घर जाने की सलाह नहीं दी है। उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। वह वेंटिलेटर पर नहीं हैं।’
इस बीच धर्मेंद्र के चाहने वाले लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें उनके फैन क्लब से जुड़े लोग अपने पसंदीदा कलाकार के जल्द शीघ्र होने की प्रार्थना करते हुए हवन कर रहे हैं।
धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर लगातार आ रही जानकारी के बीच अब पत्नी व अभिनेत्री हेमा मालिनी ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंची हैं। पैपराजी के कैमरों में एक वीडियो कैद हुआ है, जिसमें हेमा मालिनी की कार अस्पताल में दाखिल होते दिखती है। गाड़ी में हेमा मालिनी पीछे की सीट पर मौजूद हैं।
बताया जा रहा है कि उम्र संबंधी समस्याओं के चलते उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है। वो पिछले काफी समय से उम्र से जुड़ी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। उनका परिवार भी उनकी अच्छी हेल्थ के लिए लगातार प्रार्थना कर रहा है।







