डीएवी पीजी कॉलेज में मंगलवार को भारी हंगामे के बीच छात्रसंघ चुनाव 2026-27 संपन्न हो गए। राज्य के सबसे बड़े महाविद्यालय में एबीवीपी का सिक्का एक बार फिर चला और अध्यक्ष पद की कुर्सी नवदीप राणा के नाम रही। नवदीप ने एनएसयूआई के सौरभ सेमवाल को 94 मतों से हराया।
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में एबीवीपी पैनल का दबदबा, सभी प्रमुख पदों पर जीत
श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। चुनाव अधिकारी एवं छात्रसंघ निदेशक प्रो. संदीप नेगी के अनुसार अध्यक्ष पद पर साहिल पंवार विजयी घोषित किए गए। उन्हें 388 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी को 113 मत प्राप्त हुए। कुल 506 मतों में चार अवैध और एक मत नोटा के खाते में गया। महासचिव पद पर भी एबीवीपी के रोहित रावत ने जीत हासिल की। उन्हें 394 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी संदेश वर्मा को 97 मत मिले। सात मत अवैध और दो मत नोटा के रहे। कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की अर्चना पाल ने 384 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी तलत को 83 मत मिले।
पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे तीन प्रत्याशी
छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर ऋषभ भट्ट, सहसचिव पद पर महक और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सिमरन कौर रैना पहले ही निर्विरोध विजयी घोषित हो चुके थे। ये तीनों भी एबीवीपी पैनल से हैं। इस तरह चुनाव परिणाम के बाद छात्रसंघ के सभी प्रमुख पदों पर एबीवीपी का कब्जा हो गया। वहीं एनएसयूआई पैनल के तीनों प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के दौरान कॉलेज परिसर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मतदान और मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। चुनाव अधिकारी प्रो. संदीप नेगी ने परिणाम जारी करते हुए विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की।






