सहस्रधारा रोड पर नालापानी चौक के पास बुधवार सुबह स्कूटी से जा रही महिला को कार सवार कुछ लोगों ने रोककर जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी कार लेकर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास और वहां से आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कार के नंबर और आरोपियों की पहचान के लिए अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।








