हवाई सफर को चुनौती: हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से बदलेगा सफर का तरीका? क्या प्लेन की जगह लेंगी ट्रेनें?

भारत में हाई स्पीड रेल नेटवर्क का विस्तार होने से आने वाले समय में ट्रेन और हवाई सफर के बीच मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। केंद्रीय बजट 2026-27 में करीब 4,000 किलोमीटर लंबे सात नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की योजना पेश की गई थी। इनमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी रूट शामिल हैं। इन कॉरिडोर के जरिए देश के बड़े शहरों के बीच यात्रा का समय कम करने की तैयारी है।

अगर ये योजनाएं जमीन पर उतरती हैं, तो कई शहरों के बीच सफर का तरीका बदल सकता है। इसकी शुरुआत मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन से होने जा रही है। इसके सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में मई 2027 से ट्रायल शुरू करने की तैयारी है। वहीं 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले स्वदेशी ट्रेन भी तैयार किए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या भविष्य में कम और मध्यम दूरी के सफर के लिए लोग प्लेन की जगह हाई स्पीड ट्रेन चुनेंगे?

भारत में हाई स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव कुछ महीने पहले ही विमानन क्षेत्र के लिए एक अहम संकेत दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि देश में बनने वाले हाई स्पीड ट्रेन नेटवर्क कई व्यस्त रूटों पर हवाई सफर को कड़ी चुनौती दे सकते हैं। उनके मुताबिक मुंबई-पुणे, हैदराबाद-बेंगलुरु और बेंगलुरु-चेन्नई जैसे रूटों पर भविष्य में ज्यादातर यात्री ट्रेन से सफर करना पसंद कर सकते हैं।
रेल मंत्री ने जापान, चीन और दक्षिण कोरिया का उदाहरण देते हुए बताया कि इन देशों में हाई स्पीड रेल नेटवर्क शुरू होने के बाद कम दूरी के हवाई सफर पर इसका बड़ा असर पड़ा है। भारत में भी हाई स्पीड ट्रेन चलने के बाद कुछ शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। उदाहरण के लिए मुंबई से पुणे का सफर महज 48 मिनट में पूरा करने की योजना है, जबकि हैदराबाद से बेंगलुरु पहुंचने में करीब 2 घंटे 8 मिनट लगने का अनुमान है। ऐसे में एयरलाइन कंपनियों के लिए इन रूटों पर प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि देश में हवाई सफर खत्म हो जाएगा। लंबी दूरी की यात्रा में विमान की अहमियत बनी रहेगी।भारत की परिवहन व्यवस्था में अब एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सरकार हाई स्पीड रेल नेटवर्क के जरिए बड़े शहरों के बीच ट्रेन से सफर को भी तेज और सुविधाजनक बनाने पर जोर दे रही है। वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, विद्युतीकरण और सुरक्षा सुधार इसी बदलाव का हिस्सा हैं। अब करीब 16 लाख करोड़ रुपये के निवेश से हाई स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने की योजना है। ऐसे में सवाल यह है कि आने वाले समय में हाई स्पीड रेल नेटवर्क का क्या असर विमानन क्षेत्र पर पड़ सकता है।

और पढ़े  मौसम: हिमाचल-उत्तराखंड में पहाड़ों की चोटियां ठंडी... मैदानों में गर्मी, आबोहवा के मिजाज से दिल्ली तक नरम-गरम

 

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दुनिया के कई देशों में हाई स्पीड रेल ने कम दूरी की हवाई यात्रा को कड़ी चुनौती देने का काम किया है। जापान, चीन और यूरोप के कुछ हिस्से इसके उदाहरण हैं। जापान में टोक्यो से ओसाका के बीच चलने वाली शिंकानसेन ट्रेन काफी लोकप्रिय है। यह टोक्यो, नागोया, क्योटो और ओसाका जैसे बड़े शहरों को जोड़ती है। इस रूट पर ट्रेन की तेज रफ्तार के साथ उसकी समय पर उपलब्धता और शहरों के बीच सीधी कनेक्टिविटी यात्रियों को आकर्षित करती है। यही वजह है कि इस रूट पर हवाई सफर की हिस्सेदारी काफी कम हो गई है।

भारत के बड़े शहरों के बीच हाई स्पीड रेल की जरूरत इसलिए भी महसूस की जा रही है क्योंकि यहां कई प्रमुख आर्थिक केंद्र एक-दूसरे से बहुत ज्यादा दूर नहीं हैं। हालांकि, इन शहरों के बीच हवाई सफर करने में यात्रियों का काफी समय एयरपोर्ट पहुंचने, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग जैसी प्रक्रियाओं में लग जाता है। उदाहरण के लिए बेंगलुरु से चेन्नई की उड़ान करीब एक घंटे की है। वहीं एयरपोर्ट आने-जाने और दूसरी प्रक्रियाओं को जोड़ दें तो पूरा सफर चार से पांच घंटे तक पहुंच सकता है। इसके मुकाबले हाई स्पीड ट्रेन के स्टेशन शहर के नजदीक होने से यात्रियों का समय बच सकता है।

यही वजह है कि प्रस्तावित रेल कॉरिडोर यात्रा के तरीके को बदल सकते हैं। बेंगलुरु से चेन्नई के बीच करीब 78 मिनट में सफर पूरा करने की योजना है। वहीं मुंबई से पुणे की दूरी महज 48 मिनट में तय हो सकेगी। हैदराबाद से बेंगलुरु के बीच भी करीब दो घंटे में पहुंचने का लक्ष्य है। इन रूटों पर कारोबार के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों को खास फायदा मिल सकता है। उन्हें कम समय में एक शहर से दूसरे शहर पहुंचने का विकल्प मिलेगा। इस बदलाव की शुरुआती झलक वंदे भारत ट्रेनों में भी दिखाई देती है। हालांकि, ये हाई स्पीड रेल नहीं हैं लेकिन इनसे भारतीय रेलवे में तेज और बेहतर यात्री सेवाओं की दिशा में हो रहे बदलाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

और पढ़े  पुलवामा में मारा गया लश्कर का आखिरी स्थानीय आतंकी: अरुणाचल से शाह का बयान, कहा- सिर्फ विदेशी आतंकवादी बचे

कुल मिलाकर भारत में हाई स्पीड रेल का विस्तार हवाई सफर का विकल्प जरूर तैयार कर सकता है। खासकर उन रूटों पर जहां दो बड़े शहरों के बीच की दूरी कम है। अगर ट्रेनें तय समय पर चलती हैं, किराया प्रतिस्पर्धी रहता है और यात्रियों को अच्छी सुविधाएं मिलती हैं, तो लोग छोटी दूरी के लिए प्लेन के बजाय ट्रेन चुन सकते हैं। इससे एयरलाइन कंपनियों को कुछ रूटों पर चुनौती मिल सकती है। हालांकि, लंबी दूरी और दूर-दराज के शहरों के बीच हवाई सफर की जरूरत बनी रहेगी। भविष्य में ट्रेन और प्लेन एक-दूसरे की जगह लेने के बजाय अलग-अलग तरह की यात्राओं के लिए अहम विकल्प बने रहेंगे।

  • Related Posts

    रोहतक: दिल्ली रोड के मिलन ढाबे पर गैंगवार, अंधाधुंध फायरिंग में चार की मौत, जांच शुरू

    हरियाणा के रोहतक स्थित खरावड़ गांव के नजदीक दिल्ली रोड पर बुधवार की रात एक बजे मिलन ढाबा अंधाधुंध फायरिंग से गुंज उठा। 50 राउंड से ज्यादा गोलियां लाकर भाऊ…

    26/11 मुंबई हमला: समुद्र के रास्ते आए थे आतंकी, 60 घंटे तक दहशत में रही मायानगरी

    महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हुए आतंकी हमले की गुरुवार यानी आज 18वीं बरसी है। पाकिस्तान से नाव में आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने करीब…