Exam: हेमंत सरकार का बड़ा फैसला, 14वीं जेपीएससी PT समेत 2023-25 की कई परीक्षाएं होंगी रद्द

झारखंड में जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को विधानसभा में बड़ा एलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और जेपीएससी पीटी व जेएसएससी से जुड़े मामलों की जांच कराई जा रही है।

जानें सदन में मुख्यमंत्री ने क्या-क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने सदन में घोषणा की कि 14वीं जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा (PT) समेत वर्ष 2023 और 2025 में जेपीएससी द्वारा आयोजित की गई परीक्षाओं को रद्द किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने 11वीं और 13वीं जेपीएससी परीक्षा, एफआरओ, एपीपी तथा टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं की भी जांच कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री के इस एलान के बाद जेएसएससी सीजीएल परीक्षा भी जांच के दायरे में आ गई है। दरअसल, टीडीपीएल ने ही जेएसएससी सीजीएल परीक्षा का आयोजन किया था। ऐसे में सरकार के फैसले को प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच के तौर पर देखा जा रहा है।

 

विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच सरकार का पक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में व्यापक सुधार की जरूरत है। सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन और पूरी प्रक्रिया में सुधार को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रही है।

‘विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा’
सीएम ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से भी सलाह लेगी। इसके लिए आईआईटी, आईआईएम और एक्सएलआरआई समेत देश के बड़े शैक्षणिक एवं प्रबंधन संस्थानों के विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री की घोषणा को जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद के बीच सरकार की ओर से अब तक के सबसे बड़े फैसलों में से एक माना जा रहा है। इससे जहां कई परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के बीच नई उम्मीद जगी है, वहीं रद्द होने वाली परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के सामने आगे की प्रक्रिया और नई परीक्षा की तारीख को लेकर सवाल भी खड़े हो गए हैं।

  • Related Posts

    झारखंड: इंजीनियरिंग कॉलेज के खाने को लेकर छात्रों का हंगामा, कीड़े-कांच और लोहे के तार मिलने का आरोप

    नीलांबर-पितांबरपुर स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में मेस के खाने की गुणवत्ता और रसोई की साफ-सफाई को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि मेस में लगातार घटिया…

    झारखंड: जंगल में मिली महिला की सिर कटी लाश, 100 मीटर दूर बोरे में मिला सिर, हिरासत में बॉयफ्रेंड

    झारखंड के धनबाद में शुक्रवार को एक महिला की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, महिला का शव खेरबाड़ी इलाके के जंगल में मिला। घटनास्थल…