बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद से मौलाना तौकीर रजा के करीबियों पर कार्रवाई जारी है। पुलिस, प्रशासन और पीएसी को संग लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम ने बृहस्पतिवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित शांतिनगर में मुमतियाज का एसबी लॉन बरातघर और मोहम्मद तस्लीम का जिम सील कर दिया। एक घंटे में कार्रवाई पूरी हुई। दोनों संपत्तियों की कीमत करीब दस करोड़ रुपये बताई जा रही हैं। हालांकि, बीडीए ने इसे रूटीन कार्रवाई बताया है।









