अयोध्या: अभेद्य किले में बदली राम नगरी,SPG-ब्लैक कैट कमांडो और 30 हजार जवान तैनात, प्रधानमंत्री मोदी के लिए 5 स्तरीय सुरक्षा घेरा

ध्वजारोहण समारोह में आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सुरक्षा घेरा अभेद्य कर दिया गया है। नभ, थल और जल तीनों मार्गों को अलर्ट किया गया है। समूची अयोध्या को सील कर दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सख्त पहरा है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राम मंदिर पर ध्वज पताका फहराएंगे। इस पहले वह साकेत महाविद्यालय से राम मंदिर तक रोड शो करेंगे। इस कारण सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जिले की सीमाएं पहले से सील की गई हैं। सोमवार सुबह से ही अयोध्या धाम की सीमाएं सील कर दी गई हैं। बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं मिल रहा है।

उदया चौराहे से ही रामपथ पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग की गई है। रामपथ से जुड़ी सभी गलियों को सील किया गया है। रोड शो मार्ग के दोनों तरफ स्थित मकानों के छतों पर सशस्त्र जवान तैनात किए गए हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है। पीएम का पांच स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाने के लिए एटीएस और एनएसजी के लगभग 600 कमांडो ने डेरा डाल दिया है।

सोमवार को इन जवानों ने रोड शो से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल किया है। आयोजन के दौरान अयोध्या समेत प्रदेश के अन्य जिलों से लगभग 30 हजार जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीएम की सुरक्षा में पहला घेरा एसपीजी का होगा। यह जवान पी-90 सब मशीनगन और ग्लॉक 17-19 जैसे आधुनिकतम असलहों से लैस होंगे।

इसके बाद एनएसजी के खतरनाक ब्लैक कैट कमांडो होंगे। इन्हीं के साथ एटीएस और अन्य कमांडो तैनात रहेंगे। इसके बाद अर्द्धसैनिक बल व आखिरी लेयर में पुलिस के जवान होंगे। इन जवानों की अनुमति के बिना यहां परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। हाईवे व शहर के अन्य प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है। लगभग हर सौ मीटर पर जवान तैनात किए गए हैं।

और पढ़े  अंकित हत्याकांड: पूरे गिरोह में कौन-कौन शामिल? सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग, पंचायत में हर पहलू पर चर्चा

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सुरक्षा का मजबूत खाका तैयार किया गया है। नयाघाट पर स्थित फ्लोटिंग कंट्रोल रूम से जलमार्ग पर भी नजर रखी जा रही है। जियो फेंसिंग के जरिये इस मार्ग में होने वाली हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है।

  • Related Posts

    UPPSC : पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, 2297 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए सफल

    उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य (लिखित) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल 10,284 अभ्यर्थियों…

    सेंट्रल मार्केट मेरठ: बैंक्वेट हॉल समेत 6 भवनों में 5 कॉम्प्लेक्स, 35 दुकानें जमींदोज

    शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में सील किए गए 44 भवनों में से छह को बुधवार को भारी फोर्स की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। ये सभी आवासीय…