अयोध्या को मिला ‘रामायण वैक्स म्यूजियम’, ‘923 जिन पुत्रों’ के मंदिर का CM करेंगे शिलान्यास, मिलेगी सौगात

मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को अयोध्या को 291 करोड़ रुपये की 245 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। काशीराम कॉलोनी के निकट स्थित रामायण वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री 47 परियोजनाओं का लोकार्पण और 198 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि लोकार्पित होने वाली 47 परियोजनाओं पर 25.31 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें रामायण वैक्स म्यूजियम, जोनल कार्यालय का प्रशासनिक भवन, 10 ओपन जिम, मल्टीलेवल कार पार्किंग, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, स्मार्ट स्कूल परियोजनाएं और विभिन्न पार्कों का निर्माण प्रमुख है।

मुख्यमंत्री 264 करोड़ रुपये लागत की 198 नई परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे। इनमें माझा जमथरा में पंपिंग स्टेशन, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नालों का निर्माण, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, 74 बेड का वर्किंग वुमन हॉस्टल, 17.83 करोड़ रुपये की लागत वाला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और कुशमाहा समेत विभिन्न स्थानों पर तालाब, पार्क, सड़क और यात्री निवास जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

 

आगमन को लेकर सभी तैयारियां

नगर निगम ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और प्रस्तावित भ्रमण स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।

सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है। विशेष सफाई अभियान चलाकर चूने का छिड़काव कराया गया है, जबकि पूरे नगर निगम क्षेत्र में फॉगिंग और एंटी-लार्वा अभियान भी संचालित किया गया।

महापौर ने बताया कि कार्यक्रम में महानगर क्षेत्र की करीब एक हजार विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। लोकार्पण और शिलान्यास से जुड़ी सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

और पढ़े  UP- आईएएस दिव्या मित्तल का इस्तीफा हुआ मंजूर, 31 अगस्त को भेजा गया था केंद्र

923 जिन पुत्रों के मंदिर का शिलान्यास करेंगे सीएम योगी

रायगंज स्थित दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ का आगमन जैन समाज के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। मुख्यमंत्री महोत्सव में शामिल होने के साथ ही 923 जिन पुत्रों को समर्पित भव्य मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा भगवान आदिनाथ मंदिर के मुख्य द्वार का भी लोकार्पण करेंगे तथा जैन धर्म की सर्वोच्च साध्वी गणिनी प्रमुख ज्ञानमती से भेंट करेंगे।

इस अवसर पर आचार्य भद्रबाहु एवं गणिनी प्रमुख ने भगवान मुनिसुब्रतनाथ के जन्मकल्याणक की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि तीर्थंकरों का जीवन मानवता को संयम, अहिंसा और आत्मकल्याण का मार्ग दिखाता है। कर्नाटक की जैन महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत भावनृत्य और नाटिकाओं ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

मंदिर के पीठाधीश रवींद्रकीर्ति स्वामी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है। महोत्सव में अवध सहित उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, मणिपुर और देश के अन्य राज्यों से करीब दो हजार श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। संचालन डॉक्टर जीवन प्रकाश जैन ने किया। कार्यक्रम में महामंत्री अमरचंद जैन, ऋषभ जैन, लल्ला जैन, मनोज जैन, पंकज जैन, योगेश जैन, नमन जैन आदि मौजूद रहे।

  • Related Posts

    UPPSC : पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, 2297 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए सफल

    उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य (लिखित) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल 10,284 अभ्यर्थियों…

    सेंट्रल मार्केट मेरठ: बैंक्वेट हॉल समेत 6 भवनों में 5 कॉम्प्लेक्स, 35 दुकानें जमींदोज

    शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में सील किए गए 44 भवनों में से छह को बुधवार को भारी फोर्स की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। ये सभी आवासीय…