Accident:टिहरी- देवप्रयाग के पास नदी में गिरी कार, 5 लोगों की मौत, शादी समारोह में जा रहा था पूरा परिवार

 

 

ऋषिकेश बदरीनाथ राजमार्ग पर भल्ले गांव में एक कार के अलकनंदा नदी में गिरने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में गंभीर घायल एक महिला को बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार सवार परिवार के चार लोग फरीदाबाद व दो लोग रुड़की से विवाह समारोह में भाग लेने गौचर जा रहे थे।

शनिवार सुबह करीब सात बजे राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भल्ले गांव के समीप एक कार बेकाबू होकर लगभग 300 मीटर नीचे अलकनंदा नदी में जा गिरी। सूचना पर तहसीलदार सूरजपाल सिंह रावत, थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत, पुलिस व एसडीआरएफ की टीम उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची।

नदी में डूबी कार के ऊपर फंसी गम्भीर घायल महिला अनिता देवी ( 45वर्ष) पत्नी मदन सिंह नेगी को किसी तरह पानी के बीच में फंसी कार से निकालकर बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया गया। महिला द्वारा कार सवार अन्य लोगों की जानकारी देने के बाद पुलिस व एसडीआरएफ टीम द्वारा नदी में बाकी लोगों की तलाश शुरू कर दी गई।

हादसे में तीन बच्चों की गई जान
क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकाला गया। जिसमें पांच लोगों के शव मिले। मृतकों की पहचान सुनील गुंसाई (44 वर्ष) पुत्र होशियार सिंह उनकी पत्नी मीना गुसांई (40 वर्ष) उनका पुत्र धैर्य (14वर्ष) व सुजल (12वर्ष) निवासी सैनिक कॉलोनी फरीदाबाद व आदित्य नेगी (16वर्ष) पुत्र मदन सिंह नेगी दुर्गा कॉलानी रूड़की के रूप में हुई। थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि मृतक सुनील गुसांई फरीदाबाद से शुक्रवार रात गौचर चमोली में होने वाली शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार सहित रवाना हुआ था। रुड़की में उसकी पत्नी की बड़ी बहन अनिता व उसका बेटा आदित्य भी उनके साथ शादी में शामिल होने के लिए वहां से साथ जा रहा था।

और पढ़े  हरिद्वार: कांग्रेस पार्षदों ने किया सहायक नगर आयुक्त का घेराव, ई-कार्ट के लिए निगम की भूमि फ्री देने का विरोध

थाना प्रभारी ने बताया कि सभी शव नदी तट पर निकालने के बाद राफ्ट से मुल्यागांव तक लाया गया। यहां से शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट भेजा गया है। घटना स्थल पर कीर्तिनगर व हिंडोलाखाल थाने से भी सहायता के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। पुलिस ने बताया कि सुनील स्वयं कार चला रहा था।

  • Related Posts

    पौड़ी गढ़वाल- दिव्यांग बच्चों ने खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया दमखम, उत्साह और प्रतिभा का किया प्रदर्शन

          समावेशी शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद के सभी विकासखंडों में…

    हल्द्वानी: तीनपानी फ्लाईओवर हादसे में घायल छात्र प्रांजल की मौत, अब तक तीन की जान गईं, छात्रा का जारी है उपचार

    हल्द्वानी के तीनपानी के पास फ्लाईओवर पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल 17 वर्षीय प्रांजल मावड़ी ने रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह 12वीं पास कर…