किच्छा में सितारगंज हाईवे पर डंपर काल बनकर दौड़ रहे हैं। पंतनगर के फूलबाग से भतीजे की शादी से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर लौट रहे रामपुर (उत्तरप्रदेश) के बाइक सवार दो बुजुर्गों को डंपर से रौंद दिया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरे को एसटीएच में मृत घोषित कर दिया गया।
घटना बुधवार देर रात की है। ग्राम लखीमपुर, थाना खजुरिया, रामपुर (उत्तरप्रदेश) निवासी हसीन अहमद(62) पुत्र फकीर मोहम्मद अपने फूलबाग पंतनगर निवासी भाई शकीर अहमद के पुत्र के विवाह से पहले घर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उनके साथ गांव के ही एक दोस्त मोहन स्वरूप(61) भी आए थे। भतीजे की बारात फूलबाग पंतनगर से बृहस्पतिवार रात को जानी थी। फूलबाग में कार्यक्रम निपटाने के बाद दोनों बुधवार रात बाइक से खजुरिया वापस लौट रहे थे। सितारगंज हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कट पर तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए।






