शिवभक्ति में डूबी मुस्लिम युवती-: बुर्का पहनकर कांधे पर उठाई कांवड़, बोली- भोले पर अटूट भरोसा

यूपी के कासगंज स्थित अमीर खुसरो और संत तुलसीदास की जन्मस्थली में एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली। शनिवार को मुस्लिम समाज की एक युवती बुर्का पहनकर कांधे पर कांवड़ लिए जब कस्बा से गुजरी तो हिंदू समाज के लोगों ने न केवल उसका स्वागत किया, बल्कि बम-भोले के जयकारों के साथ उसका हौसला बढ़ाया।

 

भगवान शिव में अटूट श्रद्धा
कादरगंज गंगा घाट से जल भरकर ला रही मुस्लिम युवती सोनी को जब बुर्के में कांवड़ ले जाते देखा गया तो कौतूहलवश हिंदू समाज के लोगों ने उनसे बातचीत की। तब सोनी ने बड़े ही सहज भाव से बताया कि वह मुस्लिम समाज से है और भगवान शिव में अटूट श्रद्धा रखती है। वह कादरगंज घाट से गंगाजल भरकर जनपद एटा के ग्राम परसोंन स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चढ़ाने के लिए जा रही है। उसकी इस अटूट श्रद्धा को देख वहां मौजूद लोग भावविभोर हो गए।

 

लोगों ने पहनाईं फूल-मालाएं
मुस्लिम युवती की इस भक्ति का सम्मान करते हुए हिंदू समाज के लोगों ने उसे रोककर फूल-मालाएं पहनाईं। श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री पंकज सोलंकी, समाजसेवी संजय गुप्ता और भाजपा मंडल अध्यक्ष ऋषि अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने बम-भोले का पटका पहनाकर उसका स्वागत किया। लोगों का कहना है कि जहां महान कवि अमीर खुसरो ने हिंदू देवी-देवताओं पर सैकड़ों गीत लिखे, वहीं आज सोनी ने उस परंपरा को जीवित कर दिया।

 

हिंदू-मुस्लिम एकता की बड़ी मिसाल
बुर्का पहनकर कांवड़ ले जाती सोनी की वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। लोग इसे हिंदू-मुस्लिम एकता की बड़ी मिसाल बता रहे हैं। उनका स्वागत करने वालों में छात्र नेता रामकुमार सिंह, सभासद अखंड प्रताप सिंह, सुनील काका, विवेक गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और पढ़े  योगी कैबिनेट ने 22 प्रस्तावों को दी मंजूरी: चार औद्योगिक परियोजनाओं को मिली स्वीकृति, कई अहम फैसलों पर मुहर
  • Related Posts

    मेरठ- बड़ा हादसा: बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, 10 से अधिक बच्चे घायल, चालक हुआ फरार

    मेरठ के रोहटा क्षेत्र में बुधवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल बस पलट गई। चिंदौड़ी-अमानुल्लाहपुर मार्ग पर हुए हादसे में करीब दर्जनभर बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलने पर रोहटा…

    UP MLC Election- लखनऊ-बरेली में खिला कमल, मेरठ में दोनों सीटें BJP के नाम, वाराणसी में सपा जीती

    उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए मतगणना चल रही है। लखनऊ शिक्षक खंड में भाजपा के उमेश द्विवेदी लगातार तीसरी बार जीते गए हैं। यहां पर नंबर दो…