होशियारपुर में शुक्रवार देर रात होशियारपुर-जालंधर मार्ग पर एक एलपीजी टैंकर में भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए।
मंडियाला के पास प्लांट की ओर जा रहा टैंकर महिंद्रा पिकअप से टकराकर पलटा। पलटने के कारण टैंकर में से तेजी से गैस लीक हुई और देखते ही देखते आसपास के इलाके में फैल गई और उसमें आग लग गई जिसकी चपेट में वहां से गुजर रहे वाहन और आसपास स्थित दुकानें व घर भी आ गए।
लोगों का कहना है कि भीषण आग के चलते आसपास के घरों में रखे कुछ सिलेंडर भी फटे जिससे आग और तेजी से भड़की। हादसे में आसपास की दुकानों और घरों में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग झुलस गए।
सिविल अस्पताल होशियारपुर से सभी एंबुलेंस व बड़ी संख्या में निजी एंबुलेंस भी घायलों को लाने के लिए घटनास्थल पर पहुंची। वहीं सूचना मिलते ही स्थानीय निकाय मंत्री रवजोत सिंह भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया।
मंडियालां में एलपीजी टैंकर में हुए ब्लास्ट के बाद गुस्साए हुए लोगों ने सुबह घटनास्थल के पास धरना लगा दिया। धरनाकारियों का कहना था कि वह लंबे समय से वाटरिंग प्लांट को यहां से कहीं दूर शिफ्ट किए जाने की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसके चलते ऐसे हादसों की आशंका हर वक्त बनी रहती है। उनका कहना था कि गैस से लगे टैंकर अक्सर इस सड़क पर दौड़ते हैं जिससे आसपास की आबादी को हमेशा खतरा बना रहता है। उनका आरोप था कि टैंकर चालक प्लांट में टैंकर पार्क ना करके अक्सर सड़क के दोनों और टैंकर पार्क किए रहते हैं जिसके चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।









