हनुमानगढ़ी के सर्वोच्च महंत गद्दीनशीन श्रीमहंत प्रेमदास जी महाराज की अध्यक्षता में सावन शुक्ल एकादशी से रक्षाबंधन तक चले श्रीश्याम राम किशोर कुंज मंदिर के भव्य झूलनोत्सव का समापन हुआ। 1994 में श्रीमहंत प्रेमदास जी महाराज ने हनुमानगढ़ी परिसर में इस मंदिर की स्थापना कर झूलनोत्सव की परंपरा प्रारंभ की थी, जो आज भी भक्तों के आकर्षण का केंद्र है।
महंत डॉ. महेश दास, जो श्रीमहंत प्रेमदास जी के कृपापात्र शिष्य एवं हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य हैं, ने आयोजन का संयोजन किया। उन्होंने बताया—हनुमानजी श्रीराम और सीताजी के प्रमुख परिकर, संगीत शिरोमणि और भक्ति के आचार्य हैं। झूलनोत्सव में वे सखि की तरह समर्पित और विनम्र भक्त के रूप में प्रतिष्ठित होते हैं।”
झूलनोत्सव में श्रीराम-सीता के हिंडोले की सेवा, भजन-कीर्तन और संत-समागम के साथ भक्ति का अद्भुत वातावरण रहा। समापन बेला में संकट मोचन सेना अध्यक्ष महंत संजय दास, महंत राजेश पहलवान, मामा दास, लवकुश दास, मनीराम दास पहलवान सहित बड़ी संख्या में नागा साधु व भक्त शामिल हुए।









