दादरी से खुर्जा के बीच 80 गांवों की जमीन पर विकसित होने वाले दादरी-नोएडा-गाजियाबाद इनवेस्टमेंट रीजन (न्यू नोएडा) का सेक्टरवार खाका तैयार हो गया है। मास्टरप्लान 2024 के अनुसार नोएडा प्राधिकरण ने करीब 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 114 सेक्टरों का नियोजन किया है। इसमें 71 सेक्टर औद्योगिक और 19 आवासीय होंगे। नियोजन विभाग की ओर से तैयार इस योजना को प्राधिकरण की आधिकारिक मंजूरी भी मिल गई है। अब जमीन अधिग्रहण और सेक्टरों के भू-उपयोग के अनुसार विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
न्यू नोएडा में शामिल गांव गौतमबुद्ध नगर के दादरी और बुलंदशहर क्षेत्र में स्थित हैं। इसका पहला सेक्टर दादरी में शिव नादर विश्वविद्यालय के सामने जीटी रोड के दूसरी ओर विकसित होगा। जीटी रोड और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बीच 15 सेक्टर प्रस्तावित हैं। इनमें शुरुआती सेक्टरों का भू-उपयोग आवासीय रखा गया है। इसके अलावा जीटी रोड के दूसरी ओर सेक्टर-10 और 11 भी आवासीय होंगे। आनंदपुर इंटरचेंज के आसपास सेक्टर-32, 33, 34, 48 और 49 विकसित किए जाएंगे। सिकंदराबाद की ओर सेक्टर-58, 59, 60, 65, 66, 67 और 68 प्रस्तावित हैं। इस क्षेत्र में चौड़ी सड़कों के लिए बड़े भूखंड चिह्नित किए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास भी भविष्य की विकास संभावनाओं को देखते हुए जमीन आरक्षित रखी गई है।
आंतरिक लेआउट प्लान बनेगा अगला कदम
न्यू नोएडा के सेक्टरों का नियोजन मास्टर प्लान-2041 के तहत किया गया है। अब प्रत्येक सेक्टर का आंतरिक नियोजन यानी लेआउट प्लान तैयार किया जाएगा। इसके बाद विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। -मीना भार्गव, जीएम, नियोजन, नोएडा प्राधिकरण
नहीं बनेगा सेक्टर -13
सेक्टर-13 नहीं होगा न्यू नोएडा में भी। इसकी जगह सेक्टर-12ए विकसित होगा।
जीटी रोड सेक्टर-2 और 3 के पास से न्यू नोएडा में प्रवेश करेगी और आगे सेक्टर-48 व 49 तक जाएगी।
औद्योगिक सेक्टर-53, 54, 55, 62, 63, 71 और 77 ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के किनारे प्रस्तावित हैं।
दनकौर रेलवे स्टेशन के नजदीक सेक्टर-54, 55 और 62 होंगे। 111, 112 और 114 प्रस्तावित हैं।







