देहरादून: 17 साल से पुलिस को चकमा दे रहा 1 लाख का इनामी गिरफ्तार, ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर की थी डकैती

ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर डकैती डालने के बाद करीब 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी शातिर अपराधी शौकत अली को उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश छोड़कर दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदले। वह कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था। पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार, 2003 में हुए इस मामले में बसंत विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में मेरठ निवासी शौकत अली समेत पांच आरोपियों की भूमिका सामने आई थी। पुलिस ने छह अगस्त 2009 को चार आरोपियों राशिद, बबलू, इमरान और समद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया।

 

हत्या और रंगदारी समेत 11 मुकदमे दर्ज
एसटीएफ और दून पुलिस की टीम ऑपरेशन प्रहार के तहत लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी। मैनुअल पुलिसिंग और सूचनाओं के आधार पर टीम को उसके पश्चिम बंगाल में छिपे होने का पता चला। 54 वर्षीय शौकत अली के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत 11 मामले दर्ज हैं। हल्द्वानी में भी उसके खिलाफ डकैती का मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।

और पढ़े  हल्द्वानी: 29 जोड़ों का सामूहिक विवाह, पुनर्नवा समिति ने गृहस्थी का सामान देकर निभाई जिम्मेदारी

मेरठ से अपराध की दुनिया, फिर कई राज्यों में बदले ठिकाने
शौकत अली मूल रूप से मेरठ के देहली गेट क्षेत्र के अहमद नगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ वर्ष 1991 से आपराधिक मामले दर्ज होने शुरू हुए थे। वर्ष 1992 में हत्या के प्रयास और लूट के मामले भी दर्ज हुए। वर्ष 2005 में हत्या और वर्ष 2006 में रंगदारी के मामले में भी उसका नाम सामने आया। वर्ष 2009 में देहरादून और हल्द्वानी में डकैती की घटनाओं में वांछित होने के बाद वह लगातार फरार रहा। पुलिस से बचने के लिए उसने कई राज्यों में अपनी पहचान और ठिकाने बदले।

  • Related Posts

    उत्तराखंड: कोटद्वार में वाहन खाई में गिरा, चालक समेत 8 लोगों की मौत,बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं

    पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वैन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई…

    कांवली गांव में लूट: केयरटेकर ने रची थी साजिश, आंखों में स्प्रे डालकर लूटे थे गहने, भाई-बहन समेत 3 गिरफ्तार

    बसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली गांव में बुजुर्ग महिला के घर हुई लूट की घटना की साजिश घर के केयरटेकर ने ही रची थी। उसने घर की पूरी जानकारी…